Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर साफ दिख रहा है। ठंड इतनी ज्यादा है कि पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। दिल्ली में भी रात का तापमान गिरकर 6.3 डिग्री तक पहुंच गया। उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के कई हिस्सों में शीतलहर चल रही है, जिससे लोग ठिठुरने को मजबूर हैं।
पहाड़ी इलाकों में ठंड और भी ज्यादा है। लद्दाख के द्रास में तापमान शून्य से 14.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी कड़ाके की सर्दी है।
घने कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त
रविवार सुबह पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में इतना घना कोहरा रहा कि दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो गई। सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी पड़ गई और ट्रेनों व उड़ानों पर भी असर पड़ा। हालात को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल 1 जनवरी तक बंद करने का फैसला किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड तक ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। असम के गुवाहाटी में भी शीतलहर का असर देखा गया। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश हुई।
कोहरे के कारण विमान को लौटना पड़ा
घने कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। रविवार दोपहर दिल्ली से पंतनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट तय समय पर पहुंचने के बावजूद कम दृश्यता के कारण उतर नहीं सकी। विमान काफी देर तक हवा में चक्कर लगाता रहा, लेकिन जब लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली तो उसे वापस दिल्ली लौटना पड़ा। विमान में 78 यात्री सवार थे, जबकि पंतनगर से दिल्ली जाने वाले 76 यात्रियों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण और बढ़ा
ठंड और हवा की धीमी रफ्तार के चलते दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति भी गंभीर हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, रविवार शाम दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 390 रहा, जो गंभीर श्रेणी में आता है। 40 में से 19 निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण गंभीर स्तर पर दर्ज किया गया।
आनंद विहार में सबसे ज्यादा AQI 444 रहा। गाजियाबाद में 414, नोएडा में 419 और ग्रेटर नोएडा में 434 दर्ज किया गया। गुरुग्राम में भी AQI 353 के साथ स्थिति बहुत खराब रही। हवा में सबसे ज्यादा पीएम 2.5 कण पाए गए।
कहां कितना गिरा तापमान
हरियाणा का हिसार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के फरीदकोट में पारा 3.4 डिग्री रहा। उत्तर प्रदेश में मेरठ और मुजफ्फरनगर सबसे ठंडे रहे, जहां तापमान 6.7 डिग्री दर्ज किया गया। इटावा में 7.4 डिग्री, प्रयागराज और झांसी में 8 डिग्री तापमान रहा।
हिमाचल प्रदेश के कल्पा में तापमान 0.6 डिग्री तक गिर गया, जबकि जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में पारा शून्य से 2.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। कुल मिलाकर ठंड, कोहरा और प्रदूषण ने उत्तर भारत में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और फिलहाल राहत के आसार कम नजर आ रहे हैं।


