Amit Shah PC: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने सबसे पहले सभी लोगों का स्वागत किया और कहा कि यह दिन सभी भारतीयों के लिए गर्व का दिन है। उन्होंने याद दिलाया कि 1943 में आज ही के दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने पोर्ट ब्लेयर में तिरंगा फहराया था।
इसके बाद अमित शाह ने कहा कि अप्रैल में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 15 सालों में बंगाल में डर, भ्रष्टाचार और कुशासन का माहौल रहा है। उनके मुताबिक, आम लोग खुद को असुरक्षित और डरा हुआ महसूस कर रहे हैं।
अमित शाह ने कहा कि अब से लेकर चुनाव तक का समय बहुत अहम है और जनता एक ऐसी सरकार चाहती है जो डर और कुशासन से मुक्त हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो राज्य में तेजी से विकास होगा। उन्होंने यह भी कहा कि घुसपैठ रोकने के लिए खास व्यवस्था की जाएगी और अवैध घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा।
“2026 के चुनाव में पार्टी दो-तिहाई बहुमत से बनाएगी सरकार”
उन्होंने दावा किया कि 15 अप्रैल 2026 के बाद बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर राज्य में नए सिरे से विकास और पुनर्जागरण की शुरुआत होगी। अमित शाह ने कहा कि बंगाल भाजपा के लिए बहुत अहम है और 2026 के विधानसभा चुनाव में पार्टी दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी।
अमित शाह ने भाजपा के चुनावी सफर का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 2014 में भाजपा को बंगाल में 17 प्रतिशत वोट और 2 लोकसभा सीटें मिली थीं। 2017 में पार्टी को 10 प्रतिशत वोट और 3 सीटें मिलीं। इसके बाद 2019 और 2021 में भाजपा मुख्य विपक्ष बनी। 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को 39 प्रतिशत वोट और 12 सीटें मिलीं।
घुसपैठ के मुद्दे पर अमित शाह ने ममता बनर्जी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि घुसपैठ अब सिर्फ राज्य का नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा का सवाल बन चुका है और इसे रोकने का काम केवल भाजपा ही कर सकती है।
उन्होंने ममता सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। अमित शाह ने कहा कि मंत्रियों और नेताओं के घरों से करोड़ों रुपये निकल रहे हैं, लेकिन कोई जवाबदेही नहीं है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को भी बड़ा मुद्दा बताया और कहा कि माताएं, बहनें और बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
बंगाल की अर्थव्यवस्था पर जताई चिंता
अमित शाह ने बंगाल की अर्थव्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कभी देश की अर्थव्यवस्था में तीसरे नंबर पर रहने वाला बंगाल अब 22वें स्थान पर पहुंच गया है। उनके मुताबिक, भ्रष्टाचार, घुसपैठ और टोलबाजी के कारण सरकारी योजनाएं ठीक से लागू नहीं हो पा रही हैं।
टीएमसी सरकार पर हमला जारी रखते हुए अमित शाह ने कहा कि बंगाल में सिंडिकेट राज चल रहा है और हर काम में कमीशन देना पड़ता है। उन्होंने डीजीपी की नियुक्ति में भी मनमानी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं, अब तक करीब 300 कार्यकर्ता मारे जा चुके हैं और 3000 से ज्यादा लोग अपना घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं।
अमित शाह ने कहा कि देश के बाकी राज्यों में गरीबों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है, लेकिन बंगाल की सरकार यह सुविधा लोगों को नहीं दे रही। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में हिंसा और बदले की राजनीति का दौर खत्म होगा और टीएमसी सरकार का जाना तय है।
ये भी पढ़ें: Devoleena Bhattacharjee on Dhruv Rathi: देवोलीना ने यूट्यूबर ध्रुव राठी पर साधा निशाना
ये भी देखें: Hardik Pandya की जिंदगी में नई एंट्री! कौन हैं Mahika Sharma?


