Ram Rahim: रोहतक की सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर 40 दिन की पैरोल मिल गई है। पैरोल की अवधि में वह हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा में ही रहेगा। जानकारी के अनुसार, राम रहीम थोड़ी देर में जेल से बाहर आ सकता है।
15वीं बार जेल से बाहर आएगा राम रहीम
यह कोई पहली बार नहीं है जब राम रहीम को पैरोल मिली हो। इससे पहले भी उसे कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है। पिछली बार 15 सितंबर को उसे 40 दिन की पैरोल दी गई थी। इस बार पैरोल मिलने के बाद राम रहीम 15वीं बार जेल से बाहर आएगा। पहले भी जब उसे 21 दिन या 40 दिन की पैरोल मिली थी, तब वह सिरसा के डेरा परिसर में ही रुका था। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस बार भी वह पैरोल के दौरान डेरा से बाहर नहीं जाएगा।
किन मामलों में सजा काट रहा है
गुरमीत राम रहीम दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में दोषी है। CBI कोर्ट ने उसे इन मामलों में 10-10 साल की सजा सुनाई थी, यानी कुल 20 साल की जेल। इसके अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में भी उसे सजा हो चुकी है। डेरा मैनेजर रणजीत सिंह की हत्या के केस में भी राम रहीम दोषी ठहराया जा चुका है। फिलहाल वह इन सभी मामलों में सुनारिया जेल में सजा काट रहा है।
पैरोल पर उठते रहे हैं सवाल
राम रहीम को बार-बार मिल रही पैरोल को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। पत्रकार छत्रपति के बेटे अंशुल ने भी पैरोल का विरोध करते हुए कहा था कि राम रहीम कोई आम कैदी नहीं, बल्कि एक हार्ड क्रिमिनल है।
हालांकि, हरियाणा सरकार ने हाई कोर्ट में दिए अपने हलफनामे में राम रहीम को हार्ड क्रिमिनल मानने से इनकार किया है। सरकार का कहना है कि उसका जेल में आचरण ठीक रहा है और जेल नियमों के मुताबिक किसी भी कैदी को साल में 90 दिन तक की पैरोल मिल सकती है। इसी आधार पर उसे यह राहत दी गई है।
ये भी पढ़ें: Switzerland Bar Blast: नए साल के जश्न में मातम, स्विस बार विस्फोट में 47 की मौत
ये भी देखें: Mithun Chakraborty: मिथुन चक्रवर्ती का बड़ा बयान


