Mathura News: भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को मथुरा पहुंचे। उनके आगमन पर बाजना कट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने से भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला।
नितिन नवीन के स्वागत के लिए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मथुरा पहुंच चुके हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक सुबह करीब 10:15 बजे वे वृंदावन स्थित अक्षय पात्र के चंद्रोदय मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात को सुना और उसमें शामिल हुए।
इसके बाद नितिन नवीन ठाकुर श्रीबांके बिहारी मंदिर पहुंचे और वहां दर्शन व पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद कुछ समय भोजन के लिए रखा गया था। दोपहर में वे भाजपा विधायक राजेश चौधरी के आवास गए और उनकी माताजी के निधन पर शोक व्यक्त किया। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष कार से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन भी पहले से सतर्क रहा। शनिवार को मंडलायुक्त और डीआईजी ने सभी कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बांके बिहारी मंदिर में वीआईपी दर्शन को लेकर रेलिंग व्यवस्था में बदलाव किया गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़ें: Godan Movie: मोरारी बापू के सानिध्य में फिल्म ‘गोदान’ का आगाज, बताया- “गायों की सेवा से ही मिलती है ईश्वर की कृपा”
ये भी देखें: नितिन नबीन बने BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, PM मोदी बोले—‘अब वही मेरे बॉस हैं’


