Akhilesh Yadav on Pahalgam : पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने इस हमले पर सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार पहलगाम हमले पर ठोस और बड़ा निर्णय ले, समाजवादी पार्टी पूरी तरह से सरकार के साथ खड़ी है।
चीन से भी सीधी लेनी पड़ेगी टक्कर
अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा समय में सीमा पर जवानों की आवश्यकता सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि देश के सामने इस समय पाकिस्तान और चीन दोनों की दोहरी चुनौती है। उन्होंने चेताया कि यदि पीओके की ओर ध्यान देंगे, तो चीन से भी सीधी टक्कर लेनी पड़ेगी।
राणा सांगा के मुद्दे पर भी दिया जवाब
राणा सांगा पर हालिया विवाद को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि वह इस मुद्दे पर खुले मंच पर चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने करणी सेना पर तंज कसते हुए कहा कि कश्मीर में 24 सीटें खाली हैं, जो सेना (करणी सेना) यहां प्रदर्शन कर रही है, उसे वहां जाकर चुनाव कराना चाहिए।
“सवाल किसके घर जाने का नहीं, आतंकियों के आने का है”
सपा प्रमुख ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा, “यह मुद्दा नहीं है कि मैं किसके घर जा रहा हूं और किसके घर नहीं, असली सवाल यह है कि हमारे घर में आतंकवादी कैसे आ गए?”
पीड़ितों के प्रति संवेदनहीनता का आरोप
अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली से अनावश्यक सवाल उठाकर सरकार लोगों का ध्यान भटका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहीदों के परिजन सरकार के सांसदों और मंत्रियों पर गुस्सा निकाल रहे हैं क्योंकि हमले के बाद डेढ़ घंटे तक कोई अधिकारी या नेता पीड़ितों को देखने अस्पताल नहीं पहुंचा।
10 करोड़ मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग
अखिलेश यादव ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे सुरक्षा चूक और खुफिया एजेंसियों की विफलता का परिणाम बताया। उन्होंने केंद्र सरकार से कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की।
साथ ही शहीदों के परिजनों को 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
‘जलबंदी’ का समर्थन
सिंधु जल समझौते को निलंबित करने के केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ‘जलबंदी’ जैसे किसी भी ठोस कदम का पूरा समर्थन करेगी।
ये भी देखें : Akhilesh Yadav On Pahalgam: पहलगाम आतंकी हमले पर सपा सांसद अखिलेश यादव ने दिया समर्थन!


