Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इटावा में एक जनसभा के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने किसानों की खाद संकट, GST के लगातार संशोधनों, और अमेरिकी टैरिफ के चलते भारतीय व्यापार पर हो रहे असर को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों को पूरी तरह विफल बताया।
“DAP नहीं मिल रही क्योंकि उसमें PDA है” – अखिलेश का तंज
अखिलेश यादव ने खाद की कमी को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा “DAP किसानों को इसलिए नहीं मिल रही क्योंकि उसमें ‘PDA’ शब्द है। और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के ही लोग बड़े पैमाने पर खेती करते हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर मेहनतकश किसानों को हाशिये पर धकेल रही है।
“कीटनाशक महंगे हो चुके हैं, बाढ़ से नुकसान की भरपाई नहीं हुई, किसानों की आमदनी दोगुनी तो दूर, अब तो सरकार उनकी जेब से पैसा निकाल रही है।”
GST: “इतना संशोधन किसी कानून में नहीं हुआ”
GST को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि “दुनिया में शायद ये इकलौता कानून है जिसमें इतने संशोधन किए गए हैं। जब ये कानून आया था तब कहा गया कि व्यापार बढ़ेगा, टैक्स सिस्टम पारदर्शी होगा, लेकिन आज भी इसमें बार-बार बदलाव हो रहे हैं। इससे साबित होता है कि सरकार की नीतियां गरीबों और व्यापारियों के हित में नहीं हैं।”
उन्होंने यह भी पूछा “अब तक किसे मुनाफा कमाने दिया गया? ये कौन लोग हैं जो बेवजह मुनाफा कमा रहे थे? स्लैब कम कर देने से महंगाई कम नहीं होगी।”
अमेरिकी टैरिफ और ‘मेक इन इंडिया’ पर सवाल
अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ को लेकर सपा प्रमुख ने कहा “अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर भारी टैरिफ लगा दिए हैं, जिससे एक्सपोर्ट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हमारी अर्थव्यवस्था को जबरदस्त नुकसान हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ पूरी तरह विफल हो गया है और यह सिर्फ एक जुमला बन कर रह गया है।
“भाजपा वाले मंचों से स्वदेशी की बात करते हैं, लेकिन दिल से विदेशी सोच रखते हैं। ये लोग केवल भाषणों में आत्मनिर्भर भारत की बात करते हैं, असल में विदेशी कंपनियों को फायदा पहुंचा रहे हैं।”
“बजट आए 9, बदलाव 0” – यूपी सरकार पर भी निशाना
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर भी तंज कसते हुए कहा “अब तक 9 बजट आ चुके हैं, 10वां आने वाला है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई भी ठोस बदलाव नहीं दिखता। किसानों, युवाओं और व्यापारियों की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है।”
ये भी पढ़ें: Uttarakhand News: केदारनाथ में ग्लेशियर से हल्का एवलांच, कोई नुकसान नहीं, अलर्ट मोड पर प्रशासन
ये भी देखें: Mayawati On Akash Anand: आकाश आनंद को नई कमान!, क्या अब बिहार चुनाव में मचेगा घमासान?


