Atishi On PM Modi Guarantee : दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने रविवार (9 मार्च) को एक बड़ा बयान देते हुए महिला समृद्धि योजना को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने इस योजना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गांरटी को ‘जुमला’ करार देते हुए कहा कि सरकार ने महिलाओं को मिलने वाली सहायता को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
दिल्ली के कालकाजी से विधायक आतिशी ने कहा, “पीएम मोदी ने दिल्ली की महिलाओं को 8 मार्च 2025 तक 2500 रुपये देने का डेडलाइन दिया था, लेकिन बीजेपी सरकार ने इस गांरटी को पूरा करने के बजाय इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। प्रधानमंत्री मोदी की गांरटी अब सिर्फ एक जुमला साबित हुई है। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं को धोखा दिया है।”
सिर्फ कमेटी बनी, कार्रवाई नहीं
आतिशी ने आगे कहा, “शनिवार को क्या हुआ? मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने कैबिनेट मीटिंग में न तो पैसे देने का फैसला लिया और न ही यह तय किया कि कौन सी महिलाएं पात्र होंगी और पंजीकरण कब से शुरू होगा? 8 मार्च को सिर्फ एक कमेटी बनाई गई। यानी प्रधानमंत्री मोदी की गांरटी अब जुमला साबित हुई है। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं के साथ धोखा किया है।”
दिल्ली की महिलाओं में आक्रोश
आतिशी के अनुसार, अब दिल्ली की महिलाएं यह सवाल कर रही हैं कि उनके खातों में 2500 रुपये कब आएंगे? उन्होंने बीजेपी सरकार से सवाल किया कि आखिर इस योजना को ठंडे बस्ते में क्यों डाला गया।
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष का पलटवार
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आतिशी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “आतिशी को दिल्ली की महिलाओं को यह जवाब देना चाहिए कि उन्होंने खुद 2024-25 के बजट में 2000 करोड़ रुपये का प्रावधान कर हर महिला को 1000 रुपये महीने पेंशन देने की घोषणा की थी। तो पूरे साल बीतने के बाद भी एक भी महिला को पैसा क्यों नहीं मिला?”
आतिशी के इस बयान ने बीजेपी सरकार के खिलाफ तीखा हमला किया है, और अब देखना यह होगा कि दिल्ली सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती है।
ये भी देखें : सालों बाद Shahid-Kareena ने लगाया एक दूसरे को गले, दोनों को साथ देख याद आई Jab We Met


