Bihar Assembly Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार बीजेपी ने नया इतिहास रच दिया है। पार्टी 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। नीतीश कुमार की जेडीयू को 85 सीटें मिलीं, जबकि तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाला महागठबंधन 50 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया। कई सीटों पर बेहद दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले, जहाँ कुछ उम्मीदवार बहुत कम वोटों से जीते।
27 वोट से जीत, सबसे कम अंतर
सबसे कम अंतर से जीत का रिकॉर्ड जेडीयू उम्मीदवार रामचरण साह के नाम रहा। उन्होंने संदेश विधानसभा सीट पर सिर्फ 27 वोट से जीत दर्ज की। रामचरण साह को 80,598 वोट मिले, जबकि आरजेडी के दीपू सिंह को 80,571 वोट मिले। इस सीट पर प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी ने वोटकटवा की भूमिका निभाई और उनके उम्मीदवार राजीव रंजन राज को 6,040 वोट मिले।
कम्युनिस्ट गढ़ में बीजेपी की जीत, सिर्फ 95 वोटों का फासला
वामपंथियों का गढ़ मानी जाने वाली अगिआंव सीट पर बीजेपी प्रत्याशी महेश पासवान ने CPI(ML) के शिव प्रकाश रंजन को सिर्फ 95 वोटों से हराया। महेश पासवान को 69,412 वोट मिले और शिव प्रकाश को 69,317 वोट।
AIMIM की एक और सीट बनते-बनते रह गई
बलरामपुर सीट पर एलजेपी (रामविलास) की संगीता देवी ने AIMIM प्रत्याशी मोहम्मद आदिल हुसैन को 389 वोटों से हराया। संगीता देवी को 80,459 वोट मिले। बख्तियारपुर सीट पर एलजेपी (रामविलास) के अरुण कुमार ने 981 वोटों से जीत दर्ज की। उन्हें 88,520 वोट मिले, जबकि आरजेडी के अनिरुद्ध कुमार को 87,539 वोट मिले।
कई सीटों पर छोटे-छोटे अंतर से जीत
• बोधगया सीट: RJD के कुमार सर्वजीत 881 वोट से जीते।
• चनपटिया: कांग्रेस के अभिषेक रंजन 602 वोट से विजयी रहे।
• ढाका: RJD के फैसल रहमान ने बेहद करीबी मुकाबले में 178 वोट से जीत दर्ज की।
• फारबिसगंज: कांग्रेस के मनोज विश्वास ने 221 वोटों से बीजेपी के विद्या सागर केशरी को हराया।
यह भी देखें: Bihar Election Result 2025: शुरुआती रूझानों में NDA ने पार किया बहुमत का आंकड़ा!


