Bihar Budget 2025 : बिहार के वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार 03 मार्च को विधानसभा में बिहार का बजट पेश किया। यह एनडीए सरकार का इस कार्यकाल का आखिरी बजट है, और चुनावी साल के इस मौके पर नीतीश सरकार ने राज्य के लोगों को कई महत्वपूर्ण तोहफे दिए हैं। इस साल बिहार का बजट 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये का है।
बजट में क्या है खास
यह बजट राज्य के विकास और लोगों की भलाई को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। चलिए, जानते हैं बजट की कुछ मुख्य घोषणाओं के बारे में:
- स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के लिए एक हजार करोड़ रुपये
बिहार सरकार ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के लिए 1,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। यह योजना छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए वित्तीय मदद प्रदान करेगी। - पंचायती राज निकाय के लिए 4012 करोड़ रुपये
पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 4012 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इस कदम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा मिलेगा। - पटना में महिलाओं के लिए जिम ऑन व्हील्स
महिलाओं के लिए पटना में “जिम ऑन व्हील्स” की शुरुआत की जाएगी, ताकि वे आसानी से फिटनेस पर ध्यान दे सकें। यह पहल महिलाओं को फिट और स्वस्थ रखने के लिए एक बड़ा कदम साबित होगी। - सब्जी उत्पादक समिति का गठन
राज्य में किसानों को राहत देने और कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए सब्जी उत्पादक समिति का गठन किया जाएगा, जो किसानों को उनकी उपज बेचने में सहारा देगी। - कामकाजी महिलाओं के छात्रावास की स्थापना
बिहार सरकार कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास स्थापित करेगी, जिससे उन्हें अपने कामकाजी जीवन में और ज्यादा सहुलत मिलेगी। - कन्या मंडप में गरीब लड़कियों की शादी
गरीब परिवारों की लड़कियों की शादी के लिए कन्या मंडप की शुरुआत की जाएगी। इस योजना से गरीब परिवारों को वित्तीय सहायता मिलेगी और उनकी बेटियों की शादी में सहूलत होगी। - सभी जिलों में आधुनिक बस स्टैंड
राज्य के सभी जिलों में आधुनिक और सुव्यवस्थित बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा, जिससे यात्री सुविधा में वृद्धि होगी। - न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर मूंग और अरहर दाल की खरीद
बिहार सरकार मूंग और अरहर दाल की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर करेगी, जिससे किसानों को उचित मूल्य मिलेगा। - महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा
राज्य में महिलाओं के लिए “पिंक बस” सेवा की शुरुआत की जाएगी। इस सेवा में ड्राइवर और कंडक्टर दोनों महिलाएँ होंगी, जिससे महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित होगी। - महिला वाहन संचालन केंद्र की स्थापना
सभी जिलों में महिला वाहन संचालन केंद्र की स्थापना की जाएगी, जहाँ प्रशिक्षक के रूप में महिलाएँ होंगी। यह पहल महिलाओं को परिवहन क्षेत्र में रोजगार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। - शिक्षा विभाग पर 60974 करोड़ रुपये खर्च
बिहार सरकार शिक्षा क्षेत्र पर 60974 करोड़ रुपये खर्च करेगी। यह बजट राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए आवंटित किया गया है। - तरकारी (सब्जी) आउटलेट का शुभारंभ
राज्य में सुधा के तर्ज पर तरकारी आउटलेट भी खोले जाएंगे, जिससे लोगों को ताजे और सस्ते सब्जियों की सुविधा मिलेगी। - पूर्णिया हवाई अड्डा पर विमान संचालन
पूर्णिया हवाई अड्डे से विमान उड़ान भरने की शुरुआत अगले तीन महीने में होगी, जिससे क्षेत्रीय परिवहन की सुविधाओं में सुधार होगा। - पिछड़े इलाकों में नगर चिकित्सा केंद्र की स्थापना
बिहार सरकार पिछड़े इलाकों में नगर चिकित्सा केंद्र बनाएगी, ताकि वहां के लोग बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।
ये भी देखें : Amanatullah Khan का BJP पर निशाना, ‘हम बीजेपी को वादा पूरा करने के लिए मजबूर करेंगे’


