Bihar Politics News : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने बिहार की राजनीति को लेकर एक अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा और मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में नीतीश कुमार ही होंगे। साथ ही, चिराग पासवान ने दावा किया कि गठबंधन 225 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगा।
Chirag Paswan का तेजस्वी यादव और विपक्ष पर हमला
चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव और विपक्षी दलों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं, लेकिन दिन में सपने देखने से कुछ हासिल नहीं होता। बिहार की जनता 90 के दशक के ‘राउडी राज’ और ‘लालू कार्यकाल’ को नहीं भूल सकती। उस समय बिहार में जंगलराज कायम था और आज उसी का नतीजा है कि पढ़े-लिखे लोग अपने ही राज्य को छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं।”
विपक्ष पर लगाया गंभीर आरोप
चिराग पासवान ने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला करते हुए कहा, “सपा समेत पूरा विपक्ष सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने में लगा है। वे अपनी राजनीति चमकाने के लिए ऐसे-ऐसे मुस्लिम शासकों के नाम ले रहे हैं, जिन्होंने हिंदुस्तान को बर्बाद किया था।”
एनडीए को 225 सीटों की उम्मीद
चिराग पासवान ने इससे पहले भी नीतीश कुमार के समर्थन में बयान दिया था। 1 मार्च को उन्होंने दावा किया था कि एनडीए बिहार विधानसभा चुनाव में 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करके एक बार फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और ‘डबल इंजन’ की सरकार होगी, जो बिहार को अगले पांच सालों में एक विकसित राज्य बनाने के लिए काम करेगी।
राजद और कांग्रेस के बीच खींचतान
चिराग पासवान ने विपक्षी गठबंधन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जैसे केंद्र में पीएम मोदी का चेहरा है, वैसे ही बिहार में नीतीश कुमार का है। विपक्षी दल अपनी जमीन खो रहे हैं और बौखलाए हुए हैं। वे उल्टे-सीधे बयान दे रहे हैं। राजद और कांग्रेस के बीच ताल-मेल नहीं बैठ पा रहा है। कांग्रेस इस बार राजद के दबाव में आए बिना आगे बढ़ने की कोशिश कर रही है, और उन्हें डर है कि उनका गठबंधन चुनाव के समय तक खत्म हो जाएगा।”
विधानसभा चुनाव की तैयारियां
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं, और इसको लेकर सभी दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जदयू और राजद दोनों दल एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि उन्होंने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया, जबकि जदयू का कहना है कि नीतीश कुमार उन्हें राजनीति में लेकर आए।
ये भी देखें : सालों बाद Shahid-Kareena ने लगाया एक दूसरे को गले, दोनों को साथ देख याद आई Jab We Met


