Bihar News : आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने शुक्रवार (25 अक्टूबर) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा बयान दिया है। पटना में पत्रकारों से बात करते हुए लालू यादव से सवाल किया गया कि बीजेपी के एक सांसद ने हाल ही में भड़काऊ बयान दिया है, जिसमें उन्होंने कहा कि बिहार में रहना है तो हिंदू बनकर रहिए। इस बयान पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुप्पी को लेकर पूछे गए सवाल पर लालू यादव ने कहा, “सब पाखंडी हैं।” नीतीश की चुप्पी पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “वह कब बोलते हैं?”
झारखंड चुनाव में प्रचार के लिए जाएंगे लालू यादव
दूसरी ओर झारखंड (Bihar) में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर लालू यादव ने अपनी रणनीति पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आरजेडी को इंडिया गठबंधन के तहत झारखंड में छह सीटें मिली हैं और पार्टी को उम्मीद है कि वह इन सीटों पर जीत दर्ज करेगी। फिलहाल, तेजस्वी यादव झारखंड में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। लालू यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि वह भी चुनाव प्रचार के लिए झारखंड जाएंगे और अपने उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे। आरजेडी ने देवघर, कोडरमा, गोड्डा, चतरा, विश्रामपुर और हुसैनाबाद सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं और चुनाव प्रचार जोरों पर है।
आरजेडी के उम्मीदवारों की सूची
आरजेडी ने झारखंड की छह सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। देवघर से सुरेश पासवान को पार्टी ने टिकट दिया है, जबकि गोड्डा से संजय प्रसाद यादव चुनावी मैदान में हैं। कोडरमा सीट पर सुभाष यादव को मौका दिया गया है, जो वर्तमान में जेल में हैं और वहीं से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा, चतरा सीट से रश्मि प्रकाश को टिकट दिया गया है। रश्मि प्रकाश के समर्थन में तेजस्वी यादव ने विशाल जनसभा को संबोधित भी किया है।
विश्रामपुर विधानसभा सीट से नरेश प्रसाद सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है, वहीं हुसैनाबाद से संजय कुमार सिंह यादव को उम्मीदवार के रूप में उतारा गया है। लालू यादव के प्रचार में शामिल होने से आरजेडी के समर्थकों में जोश बढ़ गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि लालू यादव और तेजस्वी यादव की जोड़ी झारखंड में कितनी सीटों पर कब्जा कर पाती है।
चुनाव में आरजेडी का लक्ष्य
आरजेडी का लक्ष्य झारखंड (Bihar ) में अधिक से अधिक सीटें जीतना है और इसके लिए पार्टी पूरे जोर-शोर से प्रचार कर रही है। इंडिया गठबंधन में शामिल आरजेडी, झारखंड के इन छह विधानसभा क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत बनाने की कोशिश में है। लालू यादव के प्रचार में शामिल होने से आरजेडी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है, और पार्टी इस बार झारखंड में बड़ी सफलता की उम्मीद कर रही है।
झारखंड के इस चुनावी समर में लालू और तेजस्वी की टीम का मुकाबला भाजपा और अन्य दलों से होगा। देखना होगा कि झारखंड की जनता का समर्थन किसके पक्ष में जाता है।


