Delhi Alert: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में सतर्कता चरम पर पहुंच गई है। दिल्ली सरकार ने एहतियातन सभी 11 जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को कहा गया है कि शाम ढलने के बाद विशेष निगरानी रखें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत मुख्यालय को भेजें।
पाकिस्तान की सीमा से सटे राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार रात के समय हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसके बाद अब दिल्ली में भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है और निगरानी बढ़ा दी गई है।
सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के सभी पूर्व निर्धारित सार्वजनिक कार्यक्रम भी स्थगित कर दिए गए हैं। केवल अत्यंत आवश्यक बैठकें ही की जा रही हैं।
हालांकि, गर्मी और आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति और जलभराव से निपटने के लिए चल रहे कार्यों को पूर्ववत गति से जारी रखने का निर्देश दिया गया है।
केंद्र के निर्देशों का तत्काल पालन अनिवार्य
राज्य प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि केंद्र सरकार की ओर से जो भी दिशा-निर्देश जारी हों, उन्हें बिना देरी के लागू किया जाए। साथ ही नागरिकों की सुरक्षा और जागरूकता के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया है। सभी संबंधित कंट्रोल रूम्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है और उपकरणों की टेस्टिंग कर उन्हें क्रियाशील रखने के आदेश जारी हुए हैं।
सायरन से अलर्ट की तैयारी
संभावित आपात स्थिति में लोगों को सतर्क करने के लिए सभी जिलों में चिन्हित स्थानों पर सायरन लगाए जा रहे हैं। शुक्रवार को दिल्ली की कई ऊंची इमारतों पर सायरन सिस्टम इंस्टॉल कर दिया गया है। सिविल डिफेंस की टीमों को जरूरत के मुताबिक अस्पतालों और अन्य संवेदनशील स्थलों पर तैनात किया जा रहा है। लोगों को अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील भी की जा रही है।
एमसीडी, एनडीएमसी और एम्स ट्रॉमा सेंटर भी अलर्ट
दिल्ली सरकार के बाद अब एमसीडी और एनडीएमसी ने भी अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। एमसीडी ने दिल्ली के स्पेशल सेक्रेटरी (सर्विस) के आदेश का हवाला देते हुए यह कदम उठाया है।
इसके अलावा एम्स ट्रॉमा सेंटर ने भी केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत अपने स्टाफ की सभी छुट्टियां रद्द कर दी हैं। एम्स ट्रॉमा सेंटर के प्रमुख डॉक्टर कामरान फारुकी ने शुक्रवार शाम को एक आदेश जारी कर इसकी पुष्टि की।