Delhi Budget 2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच से प्रेरित होकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एक लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया। यह बजट पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के बजट 76 हजार करोड़ रुपये की तुलना में 31.5 प्रतिशत अधिक है। दिल्ली को विकास की नई दिशा में अग्रसर करने के लिए पेश किया गया यह बजट राजधानी की जनता के लिए एक बड़ी उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है। आइए, जानते हैं कि इस बजट की भारी भरकम राशि को कैसे खर्च किया जाएगा और इसके पीछे की योजनाएं क्या हैं।
दिल्ली के विकास के लिए समग्र दृष्टिकोण
दिल्ली की दशा सुधारने और उसे एक समृद्ध भविष्य की ओर ले जाने के लिए पेश किया गया यह अब तक का सबसे बड़ा बजट है। इस बजट में यमुना की सफाई, महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण, बुनियादी ढांचा का विकास, जल आपूर्ति, सीवरेज सहित दस प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की योजना है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली को एक उन्नत और स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लिया है, जहां हर वर्ग को उनके अधिकार और सुविधाएं मिल सकें।
बजट में प्रत्येक वर्ग का रखा ध्यान
इस बजट में भाजपा के “विकसित दिल्ली संकल्प पत्र” का प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है। डबल इंजन की सरकार का लाभ दिल्ली को मिल रहा है, जिसके कारण केंद्र सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं को इस बजट में शामिल किया जा सका है। बजट पेश करते समय, सत्ता पक्ष के विधायक मोदी-मोदी के नारे लगाते रहे, जिससे साफ दिखा कि सरकार को इस बजट से उम्मीदें हैं।
दिल्ली सरकार ने अपने बजट में हर वर्ग को संतुष्ट करने की कोशिश की है—चाहे वह व्यापारी हों, महिलाएं, गरीब, छात्र, युवा या फिर झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोग। दिल्ली की जीवन स्तर को ऊंचा करने की यह योजनाएं दिखाती हैं कि सरकार दिल्ली को एक विकसित और सशक्त राजधानी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह दिल्ली के विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।
डबल इंजन सरकार की मदद से दिल्ली की तरक्की
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट को पेश करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका को भी रेखांकित किया। उनका कहना था कि डबल इंजन सरकार की मदद से दिल्ली की तरक्की के लिए केंद्र से बड़े योगदान मिल रहे हैं। उन्होंने दिल्ली को विकसित और स्वच्छ बनाने के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों का समर्थन किया।
बजट में पूंजीगत व्यय में दोगुनी वृद्धि
मुख्यमंत्री ने बजट में एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूंजीगत व्यय को दोगुना करके 28,000 करोड़ रुपये कर दिया है, जिससे दिल्ली में इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य आवश्यक परियोजनाओं में तेजी से काम किया जा सके।
पूर्व सरकार पर कटाक्ष
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने बजटीय भाषण में आम आदमी पार्टी (आप) पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भ्रष्टाचार और अक्षमता का दौर अब समाप्त हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मुगलों और अंग्रेजों ने दिल्ली को लूटा, फिर पिछली आप सरकार ने भी दिल्ली की समृद्धि को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने इन लूटने वालों को कभी टिकने नहीं दिया।
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने गरीबों के लिए मकान बनाएंगे, जबकि आप ने अपने लिए ‘शीशमहल’ तैयार किया। उन्होंने यह भी बताया कि जहां आप ने लाखों रुपये खर्च कर ‘टायलेट की सीट’ लगवाई, वहीं उनकी सरकार झुग्गी-झोपड़ियों में शौचालय बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस बजट के दौरान यह भी याद दिलाया कि आप ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे, और उनकी पार्टी की नेता आतिशी ने पिछले वर्ष बजट पेश करते हुए भगवान राम का नाम 23 बार लिया, लेकिन अंततः कुछ भी सार्थक काम नहीं किया।


