Delhi Election 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) ने पूर्वांचली वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए एक नया कदम उठाया है। पार्टी ने इसके लिए एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया है, जिसका नेतृत्व राज्यसभा सांसद संजय सिंह कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक AAP ने पूर्वांचली वोटरों को टारगेट करने के उद्देश्य से लोकसभा क्षेत्रवार 7 टीमें बनाई हैं। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्र में पूर्वांचल के वोटरों पर फोकस कर रही हैं।
AAP के सूत्रों ने बताया कि ये टीमें डोर-टू-डोर कैंपेन, पैम्फलेट और वीडियो के जरिए शहजाद पूनावाला समेत बीजेपी नेताओं के विवादित बयानों को दिखाकर पूर्वांचलियों की भावनाओं का फायदा उठाने की कोशिश कर रही हैं। इन बयानों के माध्यम से पार्टी का प्रयास है कि बीजेपी को पूर्वांचल के लोगों का विरोधी के रूप में पेश किया जाए। संजय सिंह के नेतृत्व में काम कर रही यह टास्क फोर्स बीजेपी को निशाना बनाते हुए पूर्वांचली समुदाय के बीच अपनी पैठ बनाने का काम कर रही है।
वहीं बीजेपी भी अपने ध्यान को पूर्वांचली समुदाय के वोट बैंक पर केंद्रित रखे हुए है। पार्टी ने इसके लिए झुग्गी प्रवास अभियान चलाया है और अपने नेताओं को इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल किया है। बीजेपी की यह कोशिश पूर्वांचली वोटरों को अपने पक्ष में लाने की है।
5 फरवरी को वोटिंग और 8 को चुनाव परिणाम
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 (Delhi Election 2025) के लिए मतदान 5 फरवरी को होगा और परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर इस बार भी एक ही चरण में मतदान होगा। 2020 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि बीजेपी ने 8 सीटों पर विजय प्राप्त की थी। 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में भी AAP ने प्रचंड बहुमत के साथ 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि बीजेपी को केवल 3 सीटों तक ही सीमित रहना पड़ा था। दोनों ही चुनावों में कांग्रेस अपना खाता खोलने में नाकाम रही थी।
ये भी देखें : Akhilesh Yadav on CM Yogi: अखिलेश यादव ने साधा विपक्ष पर निशाना | Dainik Hint |


