Delhi News : रंगों का त्योहार होली दिल्ली समेत पूरे देश में धूमधाम से मनाया गया, लेकिन इस बार कुछ लोगों की मस्ती ने कानून तोड़ने की सीमा पार कर दी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की, जिससे कई मनचलों की खुशी का रंग उड़ा दिया।
दिल्ली की सड़कों पर रंगों की धूम
होली के दिन सुबह से ही दिल्ली की गलियों और सड़कों पर रंगों की बौछार हुई। लोग गुलाल उड़ाते हुए एक दूसरे को रंगों में सराबोर करते नजर आए, लेकिन कुछ लोग अपनी मस्ती में इतना खो गए कि वे कानून तोड़ने तक पहुंच गए। खासकर शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया और कई स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर चेकिंग अभियान चलाया।
नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने नशे में धुत होकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसते हुए उनके चालान काटे। इसके अलावा, कई कारों की काली फिल्म भी हटवाई गई। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में विशेष ध्यान दिया और लगातार अपनी तैनाती बनाए रखी। हुड़दंगियों की हरकतों पर पैनी नजर रखते हुए शांति-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस सक्रिय रही।
वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया बंदोबस्त का जायजा
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और जवानों को होली की बधाई दी। पुलिस अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभालते हुए हालात का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके अलावा स्वयंसेवकों की मदद से ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के साथ ही हुड़दंगियों पर सख्त निगरानी रखी गई।
शांति बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम
दिल्ली (Delhi) में इस बार होली और रमजान की जुम्मे की नमाज एक ही दिन पड़ने के कारण पुलिस के लिए यह त्योहार विशेष चुनौतीपूर्ण था। कुछ विवादित बयानों के बाद पुलिस की सतर्कता और बढ़ गई थी। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और त्योहार शांति से मनाया जा सके।
ये भी देखें : Sambhal की शाही मस्जिद में Ramzan के जुमे की नमाज़ अदा करने के बाद क्या बोले मुसलमान?


