Kirti Patel: सोशल मीडिया की चर्चित और विवादित हस्ती कीर्ति पटेल एक बार फिर कानूनी शिकंजे में फंस गई हैं। सूरत पुलिस ने कीर्ति को जबरन वसूली के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कीर्ति पटेल ने एक बिल्डर से दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी और भुगतान न करने पर हनीट्रैप के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी थी।
अहमदाबाद से हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, सूरत पुलिस ने मंगलवार को अहमदाबाद में एक गुप्त सूचना के आधार पर कीर्ति पटेल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी सूरत के कपोदरा थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के आधार पर की गई।
बिल्डर ने दर्ज कराई थी शिकायत
बिल्डर वजुभाई कटरोडिया ने करीब एक साल पहले शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि कीर्ति पटेल ने उनसे दो करोड़ रुपये की मांग की थी और पैसे न देने की स्थिति में उन्हें फर्जी हनीट्रैप केस में फंसाने की धमकी दी गई थी। यह मामला तब से ही पुलिस की जांच के दायरे में था और कीर्ति पटेल फरार चल रही थीं।
इंटरनेट की विवादित पर्सनालिटी
कीर्ति पटेल सोशल मीडिया पर एक लोकप्रिय चेहरा हैं। इंस्टाग्राम पर उनके एक मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं। वे अपने बिंदास और बेबाक बयानों के चलते अक्सर चर्चा में रहती हैं, लेकिन विवादों से उनका पुराना नाता रहा है।
पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप
यह पहली बार नहीं है जब कीर्ति पटेल कानून के घेरे में आई हैं। वर्ष 2020 में पुणे पुलिस ने उन्हें हत्या के प्रयास के आरोप में सूरत से गिरफ्तार किया था। तब भी उनकी गिरफ्तारी ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी थी।
कीर्ति पटेल की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। एक ओर जहां उनके समर्थक इसे साजिश बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कानून के जानकार और आम लोग इस पर कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आने वाले दिनों में कई और खुलासे हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें : UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर जारी, 45 डिग्री तक पहुंचा पारा, 15 जून से मिल सकती है राहत
ये भी देखें : Ahmedabad Plane Crash: प्लेन में थी मणिपुर की 21 साल की एयर होस्टेस,परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़!