Ladakh Silent March: लद्दाख में 24 सितंबर को लेह में हुए प्रदर्शन के दौरान हुई मौतों के विरोध में अब पूरे लद्दाख में बड़ा शांतिपूर्ण आंदोलन होने जा रहा है। लेह और कारगिल जिलों में 18 अक्टूबर को लोग दिन में मूक प्रदर्शन करेंगे और रात को ब्लैकआउट करके सरकार से न्याय की मांग करेंगे।
क्या है मामला?
24 सितंबर को लेह में प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाबलों की कार्रवाई में 4 लोगों की मौत हो गई थी और कई युवाओं को हिरासत में लिया गया था। इसी के विरोध में लेह अपेक्स बॉडी (Leh Apex Body) और आम लोग अब मिलकर आवाज उठा रहे हैं।
18 अक्टूबर को क्या होगा?
- सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक: लेह और कारगिल के सभी ब्लॉक स्तर पर लोग शांतिपूर्वक मूक प्रदर्शन करेंगे।
- शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक: लद्दाख के लोग अपने घरों की बत्तियां बंद रखकर ब्लैकआउट करेंगे और विरोध जताएंगे।
कैसा रहेगा प्रदर्शन?
प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा।
- कोई नारेबाजी नहीं होगी
- न कोई बैनर या पोस्टर
- न कोई भाषण
बस लोगों की चुप्पी और एकजुटता के जरिए 24 सितंबर को मारे गए लद्दाखियों के प्रति शोक जताया जाएगा और उनके परिवारों के साथ खड़ा रहने का संदेश दिया जाएगा।
न्यायिक जांच की मांग
लेह अपेक्स बॉडी लगातार न्यायिक जांच की मांग कर रही है। उनका कहना है कि जब तक न्यायिक जांच शुरू नहीं होती और हिरासत में लिए गए सभी युवाओं को रिहा नहीं किया जाता, तब तक वे केंद्र सरकार से कोई बातचीत नहीं करेंगे।
लेह अपेक्स बॉडी के सह अध्यक्ष छेरिंग दोरजे ने बताया कि गृह मंत्रालय ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के किसी रिटायर्ड जज को नियुक्त करने पर विचार किया जा रहा है। मंत्रालय ने ये भी कहा है कि अगर लेह अपेक्स बॉडी किसी जज का नाम सुझाना चाहे तो वो स्वागत करेंगे।
युवाओं की रिहाई पर क्या बोले दोरजे?
हाल ही में हिरासत में रखे गए 6 युवाओं को छोड़ा गया, लेकिन उन्हें थाने में हर दिन हाजिरी देनी पड़ रही है। इस पर छेरिंग दोरजे ने नाराजगी जताई और कहा कि ये ठीक नहीं है, अगर रिहा किया है तो पूरी तरह से किया जाए।
गृह मंत्रालय को इस बात की आशंका है कि मूक प्रदर्शन के दौरान कुछ शरारती तत्व फिर से 24 सितंबर जैसे हालात पैदा न कर दें। इसलिए प्रशासन पूरी सतर्कता बरतेगा। हालांकि लेह प्रशासन ने कुछ पाबंदियां हटा दी हैं, लेकिन 18 अक्टूबर को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
ये भी पढ़ें: Khesari Lal Yadav: छपरा से चुनाव लड़ेंगे खेसारी लाल यादव, बोले – “संगीत नहीं छोड़ूंगा, लेकिन छपरा की …”
ये भी देखें: Bihar Election 2025: मोकामा सीट पर होगी अनंत सिंह और सुरजभान सिंह की टक्कर , कौन पड़ेगा भारी?”


