Maharashtra News : महाराष्ट्र में हो रहे चुनावों के बीच इलेक्शन कमीशन के अधिकारियों ने प्रमुख नेताओं के बैग की चेकिंग की। इस जांच में शिवसेना (UTB) के प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और एनसीपी प्रमुख अजित पवार के बैग शामिल थे।
गडकरी के बैग की चेकिंग लातूर में की गई, जब वे औसा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अभिमन्यु पवार के लिए प्रचार करने पहुंचे थे। इसी तरह, फडणवीस के बैग की चेकिंग का वीडियो भाजपा ने बुधवार को जारी किया। उनका बैग 5 नवंबर को कोल्हापुर में चेक किया गया था। अजित पवार ने भी एक वीडियो जारी कर यह जानकारी दी कि कैंपेनिंग के दौरान इलेक्शन कमीशन के अधिकारियों ने उनके बैग की जांच की थी।
इससे पहले मंगलवार को उद्धव ठाकरे के हेलिकॉप्टर की चेकिंग भी हुई थी। वे उस्मानाबाद में औसा सीट पर प्रचार के लिए आए थे, जबकि 11 नवंबर को यवतमाल के वनी एयरपोर्ट पर उनके बैग की भी जांच की गई थी। इस चेकिंग के बाद उद्धव ठाकरे भड़क गए और उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि मोदी के बैग की चेकिंग का वीडियो चाहिए।
बैग चेकिंग में गलत क्या है – फडणवीस
देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “कोल्हापुर में मेरा बैग चेक किया गया, इसके बाद 7 नवंबर को भी जांच हुई। उद्धव जांच का विरोध कर लोगों का ध्यान भटका रहे हैं। वे रोकर-चिल्लाकर वोट हासिल करना चाहते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान हमारे भी बैग चेक होते हैं, इसमें गलत क्या है? उद्धव को हताशा के इस स्तर पर आने की जरूरत नहीं है। कुछ लोगों को तमाशा करने की आदत होती है।”
कानून का सम्मान लोकतंत्र के लिए आवश्यक – अजित पवार
एनसीपी नेता अजित पवार ने कहा, “इलेक्शन कैंपेन के दौरान मेरा बैग भी चेक किया गया। (Maharashtra News) इलेक्शन कमीशन के अधिकारी रूटीन चेकअप के लिए मेरे हेलिकॉप्टर तक आए थे और मैंने पूरा सहयोग किया। मुझे लगता है कि ऐसी प्रक्रियाएं निष्पक्ष चुनाव के लिए जरूरी हैं। लोकतंत्र को बनाए रखने के लिए हमें कानून का सम्मान करना चाहिए।”


