Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देशवासियों को चैत्र नवरात्र, भारतीय नववर्ष, विक्रम संवत 2082, गुड़ी पाड़वा और आगामी ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह समय त्योहारों और पर्वों का है, जो भारत की विविधता में एकता का अहसास कराते हैं।
बच्चों को दी ये सलाह
प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों को गर्मियों की छुट्टियों में नई चीजें सीखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस समय का उपयोग अपने कौशल को निखारने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने ‘MY-Bharat’ कैलेंडर की चर्चा की, जिसमें स्टडी टूर के माध्यम से जन औषधि केंद्रों, वाइब्रेंट विलेज अभियान और आंबेडकर जयंती पर पदयात्रा जैसी गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।
जल संरक्षण पर विशेष जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने जल संरक्षण की अपील करते हुए बताया कि पिछले कुछ वर्षों में देशभर में जल संरक्षण को लेकर शानदार कार्य किए गए हैं। पिछले 7-8 वर्षों में जल संग्रहण की नई तकनीकों के माध्यम से 11 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी संरक्षित किया गया है। उन्होंने कर्नाटक के गडग जिले में सूख चुकी झीलों को पुनर्जीवित करने के प्रयासों की सराहना की और ‘कैच द रेन’ अभियान को प्रोत्साहित किया।
‘खेलो इंडिया पैरा गेम्स’ की सफलता
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस बार खेलो इंडिया पैरा गेम्स में पहले से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिससे यह साबित होता है कि पैरा स्पोर्ट्स की लोकप्रियता बढ़ रही है। इस आयोजन में 18 राष्ट्रीय रिकॉर्ड बने, जिनमें से 12 महिला खिलाड़ियों ने बनाए। उन्होंने दिल्ली में हुए ‘फिट इंडिया कार्निवाल’ की भी चर्चा की, जिसमें 25,000 लोगों ने भाग लिया।
रैपर हनुमानकाइंड की सराहना
पीएम मोदी ने रैपर हनुमानकाइंड की प्रशंसा की, जिन्होंने अपने नए गाने में भारत की पारंपरिक मार्शल आर्ट तकनीकों जैसे कलारिपयट्टू, गतका और थांग ता को शामिल किया। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आधुनिक रूप में प्रस्तुत करने का एक शानदार प्रयास बताया।
भारतीय संस्कृति का वैश्विक प्रभाव
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी मॉरिशस यात्रा के दौरान गीत गवई की प्रस्तुति को याद किया और बताया कि भारतीय मजदूरों के वंशजों ने वहां अपनी संस्कृति को जीवंत रखा है। इसी तरह, गुयाना में चौताल की प्रस्तुति भी उन्हें बेहद प्रभावित कर गई। उन्होंने सिंगापुर इंडियन फाइन आर्ट्स सोसाइटी की भी तारीफ की, जो भारतीय नृत्य, संगीत और संस्कृति को संरक्षित कर रही है।
टेक्सटाइल वेस्ट और सतत फैशन पर ध्यान
पीएम मोदी ने बताया कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा टेक्सटाइल वेस्ट उत्पादक है, लेकिन इस चुनौती से निपटने के लिए कई स्टार्टअप कार्य कर रहे हैं। उन्होंने हरियाणा के पानीपत की प्रशंसा की, जो टेक्सटाइल वेस्ट रिसाइक्लिंग में वैश्विक केंद्र बन रहा है। उन्होंने पुराने जूते-चप्पलों, हैंडबैग, स्टेशनरी और खिलौनों के पुनर्चक्रण प्रयासों की सराहना की।
योग और आयुर्वेद की महत्ता
प्रधानमंत्री मोदी ने (Mann Ki Baat) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की चर्चा करते हुए लोगों से योग अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि चिली जैसे देशों में भी योग लोकप्रिय हो रहा है। सोमोस इंडिया संगठन एक दशक से योग और आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार में जुटा है।
महुआ के फूलों से बने उत्पादों की सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने महुआ के फूलों से बने बिस्किट और अन्य व्यंजनों के बारे में चर्चा की। उन्होंने बताया कि राजाखोह की चार बहनों द्वारा बनाए गए महुआ बिस्किट लोकप्रिय हो रहे हैं, और तेलंगाना के आदिलाबाद में भी दो बहनों ने महुआ के फूलों से विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाए हैं।


