Operation Sindoor: बुधवार देर रात लगभग डेढ़ बजे, भारत ने आतंकवाद के खिलाफ एक साहसी और निर्णायक कदम उठाते हुए पाकिस्तान और पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) में स्थित आतंकी ठिकानों पर बड़ी हवाई कार्रवाई को अंजाम दिया। इस संयुक्त सैन्य अभियान को ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ नाम दिया गया, जिसमें थलसेना, वायुसेना और नौसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस बड़ी सैन्य कार्रवाई के बाद भारत के उत्तरी हिस्से में एयरस्पेस को सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से सीमित कर दिया गया है, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर व्यापक असर पड़ा है। कई हवाई अड्डों को बंद कर दिया गया है और दर्जनों उड़ानों को रद्द या डायवर्ट किया गया है।
यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
भारतीय एयरलाइनों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) के माध्यम से यात्रियों को सूचित किया है कि धर्मशाला, लेह, जम्मू, श्रीनगर, अमृतसर, जोधपुर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट जैसे कई हवाई अड्डों पर उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोका गया है।
स्पाइसजेट का बयान
स्पाइसजेट ने अपने बयान में कहा,“मौजूदा हालात को देखते हुए धर्मशाला (DHM), लेह (IXL), जम्मू (IXJ), श्रीनगर (SXR), अमृतसर (ATQ) हवाई अड्डे अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। इससे संबंधित उड़ानों पर असर पड़ सकता है।”
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति spicejet.com/#status पर जांचें या 24×7 कस्टमर केयर नंबर +91-124-4983410 / +91-124-7101600 पर संपर्क करें। यात्रियों को पूर्ण रिफंड या वैकल्पिक उड़ान का विकल्प दिया गया है।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया ने जानकारी दी कि, (Operation Sindoor) “स्थिति को देखते हुए हमने जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। अमृतसर जा रही दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को दिल्ली डायवर्ट किया गया है।”
यात्री अधिक जानकारी के लिए 011-69329333 / 011-69329999 या airindia.com पर संपर्क कर सकते हैं।
इंडिगो का अपडेट
इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी कई पोस्टों में बताया कि एयरस्पेस में हुए बदलाव के कारण श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, ग्वालियर और बीकानेर की उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे उड़ान की स्थिति bit.ly/31paVKQ पर जांचें और रद्द उड़ानों के लिए रीबुकिंग/रिफंड के लिए bit.ly/31lwD2y पर जाएं।
सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला
रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा सतर्कता को उच्चतम स्तर पर रखा गया है। संभावित जवाबी कार्रवाई की आशंका को देखते हुए नागरिक उड़ानों के एयरस्पेस को सीमित किया गया है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।
यात्रियों के लिए आवश्यक सलाह
उड़ान की स्थिति अपनी एयरलाइन की वेबसाइट या कस्टमर केयर से यात्रा से पहले अवश्य जांचें।
- अनावश्यक यात्रा से बचें, और एयरपोर्ट पर भीड़ न बढ़ाएं।
- रीबुकिंग या रिफंड के विकल्प उपलब्ध हैं, उनका उपयोग करें।
- मोबाइल और ईमेल पर एयरलाइन की सूचना सेवाएं सक्रिय रखें।
- सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें और अफवाहों से बचें।


