Nishikant Dubey News : झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे इन दिनों अपने आक्रामक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से वे लगातार राजनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मुखर दिखाई दे रहे हैं। सोमवार को उन्होंने जम्मू-कश्मीर की लड़कियों और उनकी शादियों को लेकर बयान दिया था, और मंगलवार को कांग्रेस व आतंकी संगठनों पर बड़ा हमला बोला।
कांग्रेस और ‘गजवा-ए-हिंद’ पर सवाल
मंगलवार को निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दो प्रमुख पोस्ट साझा किए। इनमें से एक में उन्होंने कांग्रेस के एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट की ओर इशारा करते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने लिखा “कांग्रेस पार्टी सालों से प्रधानमंत्री मोदी का सिर तन से जुदा करना चाहती है। अब कांग्रेस ये बताए कि ‘गजवा अल हिंद’ नामक आतंकी संगठन से उनका क्या रिश्ता है? क्या दोनों के ट्वीट एक ही व्यक्ति कर रहा है?”
गौरतलब है कि कांग्रेस ने हाल ही में एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी की एक पुरानी तस्वीर को उनके बिना चेहरा और शरीर के दिखाया था, जिसमें केवल कपड़े नजर आ रहे थे। इस तस्वीर के ऊपर ‘गायब’ लिखा गया था। इस पोस्ट के बाद राजनीतिक विवाद गर्मा गया है।
“मुजफ्फराबाद में फहराएंगे तिरंगा”
अपने दूसरे पोस्ट में दुबे (Nishikant Dubey) ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने लिखा “पाकिस्तान 1955 से कश्मीर के कुछ हिस्से पर कब्जा जमाए बैठा है, लेकिन अब हम जल्द ही मुजफ्फराबाद में तिरंगा फहराएंगे।”
हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर पहलगाम हमले का जिक्र नहीं किया, लेकिन उनके संदेश में आक्रामक नीति की ओर इशारा साफ देखा जा सकता है।
सिंधु जल समझौते पर नेहरू को घेरा
हाल ही में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में भारत ने सिंधु जल समझौते को रोकने का निर्णय लिया था। इस फैसले को लेकर निशिकांत दुबे ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने लिखा “नेहरू जी ने 1960 में नोबेल पुरस्कार की लालसा में भारत की नदियों – सिंधु, रावी, व्यास, चिनाब और सतलुज – का पानी पाकिस्तान को दे दिया, जिससे हमारे सैनिकों का खून बहा। लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान का दाना-पानी बंद कर दिया है। अब पाकिस्तान बिना पानी के तड़प-तड़प कर मरेगा। हम सनातनी बीजेपी कार्यकर्ता हैं – हुक्का, पानी और दाना सब बंद।”
ये भी देखें : Akhilesh Yadav On Pahalgam: पहलगाम आतंकी हमले पर सपा सांसद अखिलेश यादव ने दिया समर्थन!


