Nityanand Rai : बिहार के भागलपुर जिले में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली लगने से गुरुवार (20 मार्च, 2025) की सुबह मौत हो गई। यह दिल दहला देने वाली घटना नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र स्थित जगतपुर गांव में घटी। यहां पानी के विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें एक भाई की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के मुताबिक, विश्वजीत यादव और जयजीत यादव के बीच पानी के विवाद को लेकर अनबन हो गई थी। इस विवाद में भाई-भाई के बीच गोली चल गई। गोली लगने से विश्वजीत यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जयजीत यादव बुरी तरह घायल हो गए। इसके अलावा, घटना में नित्यानंद राय की चचेरी बहन चिना देवी भी घायल हो गईं, जो बीच-बचाव करते वक्त गोली लगने से जख्मी हो गईं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। रेंज आईजी विवेक कुमार ने नवगछिया एसपी को घटनास्थल का जायजा लेने का निर्देश दिया है। एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
विश्वजीत की पत्नी का बयान
मृतक विश्वजीत यादव की पत्नी मनीषा ने बताया कि यह विवाद वर्षों से चल रहे जमीन विवाद का हिस्सा था। मनीषा के मुताबिक, आज जो छोटे से विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया, वह दरअसल रात में जमीन को लेकर हुआ था। वह रोते हुए बोलीं, “मेरे दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, अब मैं उन्हें कैसे पालूंगी?” मनीषा की इस बात से साफ जाहिर होता है कि यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए, बल्कि पूरे गांव के लिए एक दुखद और शोकपूर्ण स्थिति बन गई है।