Namo Bharat Train : राजधानी दिल्ली में अब नमो भारत ट्रेन तक पहुंचना और आसान हो गया है। दिल्ली सरकार की हाल ही में शुरू की गई ‘देवी’ इलेक्ट्रिक बसों को अब नमो भारत रेल के स्टेशनों से जोड़ा गया है। इसका मकसद है – लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाना, ताकि लोग निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें और आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशन पर ‘देवी’ बसों के स्टॉपेज
अभी हाल ही में दिल्ली की सड़कों पर उतारी गई 400 नई इलेक्ट्रिक बसों को ‘देवी’ नाम दिया गया है। ये बसें आकार में छोटी हैं और उन तंग रास्तों पर भी चल सकती हैं, जहां पहले बड़ी बसें नहीं पहुंच पाती थीं। इन बसों के लिए न्यू अशोक नगर और आनंद विहार नमो भारत स्टेशनों पर विशेष स्टॉपेज बनाए गए हैं।
एनसीआरटीसी और डीटीसी की साझेदारी में तय किए गए तीन रूट
नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) और डीटीसी ने मिलकर प्रारंभिक चरण में तीन प्रमुख रूट निर्धारित किए हैं।
- न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन से आनंद विहार आईएसबीटी तक,
- आनंद विहार आईएसबीटी से अशोक नगर बॉर्डर तक,
- अशोक नगर बॉर्डर से मयूर विहार फेस-3 पेपर मार्केट तक।
इन मार्गों पर देवी बसों की शुरुआत से दिल्ली के कई इलाकों जैसे चिल्ला गांव, सपेरा बस्ती, न्यू कोंडली, दल्लूपुरा, गाजीपुर गांव व मंडी, धर्मशिला क्रॉसिंग और त्रिलोक पुरी के लोग सीधे नमो भारत (Namo Bharat Train) नेटवर्क से जुड़ गए हैं।
सुबह 6:30 से रात 11 बजे तक होगा बसों का संचालन
इन बसों का संचालन रोजाना सुबह 6:30 बजे से शुरू होकर रात 11 बजे तक किया जाएगा। इससे ऑफिस जाने वाले, छात्र, वरिष्ठ नागरिक और आम नागरिकों को अत्यधिक सहूलियत मिलेगी।
रोजगार बहाली को लेकर भाजपा कार्यालय पहुंचे बस मार्शल
इसी बीच दिल्ली सरकार द्वारा लंबे समय से बस मार्शलों की रोजगार बहाली पर कोई ठोस निर्णय न लिए जाने से नाराज़ बस मार्शल सोमवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने कार्यालय के बाहर करीब दो घंटे तक धरना दिया। इसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा खुद उनके बीच पहुंचे और सात दिनों के भीतर दिल्ली के मुख्यमंत्री व परिवहन मंत्री से वार्ता कराने का आश्वासन दिया।