Parliament News : संसद परिसर में हुई एक कथित धक्का-मुक्की को लेकर राजनीति गरमा गई है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उनके दो सांसदों पर धक्का दिया, जबकि कांग्रेस ने इन आरोपों को गलत और आधारहीन बताया। इस घटनाक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद किसी कुश्ती या स्मार्टनेस दिखाने का मंच नहीं है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आरोप लगाया, “राहुल गांधी ने शारीरिक ताकत दिखाई। राहुल गांधी ने हमारे दो सांसदों को धक्का दिया। अगर हमारे सांसद भी हाथ उठा देते तो क्या होता? राहुल गांधी ने बीजेपी के सांसदों प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत को बुरी तरह धक्का दिया, जिससे वे घायल हो गए।”
इसके अलावा, किरेन रिजिजू ने कहा, “संसद परिसर में सांसद अपने-अपने विचारों को लेकर प्रदर्शन करते रहे हैं। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के लोग तो रोज प्रदर्शन करते हैं। आज एनडीए के सांसदों ने प्रदर्शन किया क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर को आजादी के समय से लेकर अब तक अपमानित करने का सिलसिला जारी रखा और फिर झूठ बोलकर गृह मंत्री अमित शाह का वीडियो काटकर झूठ फैलाया।”
रिजिजू ने यह भी सवाल उठाया, “राहुल गांधी को कौन से कानून ने ताकत दी है कि वे दूसरे सांसद को धक्का देकर चोट पहुंचाएं? अगर सभी लोग अपनी ताकत दिखाकर मारपीट करने लगेंगे तो संसद कैसे चलेगा? वे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं, और अगर वे सांसदों के साथ धक्का-मुक्की करेंगे, तो लोकतंत्र का क्या होगा?” उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी-एनडीए के सांसद हमेशा संयम दिखाते हैं और अपनी बात रखते हैं, जबकि कांग्रेस और उनके गठबंधन के सांसद अक्सर प्रदर्शन करते हैं।
यह विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है, और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप से संसद परिसर में राजनीतिक माहौल और भी गर्म हो गया है। अब यह देखना होगा कि इस मुद्दे पर आगे क्या कार्रवाई होती है।
ये भी पढ़ें : Noida : नोएडा के प्ले स्कूल में मिला हिडन कैमरा, मोबाइल पर देख रहा था लाइव स्ट्रीमिंग
ये भी देखें : CM Yogi ने Shivpal Singh Yadav पर कसा तंज, ‘जनता ने कहा सफाचट…’


