Parliament Scuffle : संसद के शीतकालीन सत्र के अंत में डॉ. बीआर अंबेडकर के अपमान को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी सियासत छिड़ गई है। गुरुवार को संसद परिसर में दोनों पक्षों के बीच विरोध प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसमें बीजेपी के दो सांसदों को चोटें आईं। इस घटनाक्रम पर समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद डिंपल यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी और पूरे विवाद के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसदों को जिम्मेदार ठहराया।
डिंपल यादव ने बीजेपी पर लगाया आरोप
डिंपल यादव ने संसद में हुई धक्का मुक्की के लिए बीजेपी को आड़े हाथों लिया और कहा, “कल संसद के मकर द्वार पर जिस तरह का विवाद हुआ, वैसा भारत के इतिहास में कभी नहीं देखा गया। इसके लिए पूरी तरह से बीजेपी के सांसद जिम्मेदार हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी हमेशा एक पक्ष को बढ़ावा देती है और कभी भी भारतीय संविधान, लोकतंत्र और देश के लोगों के हित में काम नहीं करती।
बीजेपी को माफी मांगने की दी सलाह
डिंपल यादव ने आगे कहा, ” इस धक्का मुक्की के लिए भारतीय जनता पार्टी को माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि इसके लिए उनकी सरकार और उनके सांसद पूरी तरह से जिम्मेदार हैं। हम सभी सांसद 11 बजे मकर द्वार से संसद में जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बीजेपी के सांसदों ने रास्ता रोक दिया। जब इतने सारे लोग एक ही जगह पर होते हैं और कुछ लोग रास्ता रोकने की कोशिश करते हैं, तो जाहिर है, कुछ लोग गिरेंगे। खासकर बुजुर्ग सांसदों के लिए सीढ़ियों पर अपना बैलेंस बनाना मुश्किल था।”
डॉ. अंबेडकर के अपमान का भी उठाया सवाल
डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने न केवल लोकतंत्र का अपमान किया, बल्कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का भी अपमान किया, जो भारत के हर नागरिक के लिए आदर्श हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी को अपनी इस कार्रवाई पर माफी मांगनी चाहिए।
जया बच्चन ने भी बीजेपी पर लगाए आरोप
सपा की सीनियर सांसद जया बच्चन ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी और बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, “बीजेपी सांसद हमें सदन में जाने से रोक रहे थे। वे हमें जाने से कैसे रोक सकते हैं? हम प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनके आने का क्या मतलब था?” जया बच्चन ने स्पष्ट किया कि बीजेपी के सांसदों ने जानबूझकर रास्ता रोका और इस स्थिति के लिए उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया।
ये भी पढ़ें : Noida : नोएडा के प्ले स्कूल में मिला हिडन कैमरा, मोबाइल पर देख रहा था लाइव स्ट्रीमिंग
ये भी देखें : CM Yogi ने Shivpal Singh Yadav पर कसा तंज, ‘जनता ने कहा सफाचट…’


