Rahul Gandhi Punjab Visit: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को पंजाब के अमृतसर और गुरदासपुर के कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। यहां उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की, उनकी परेशानियां सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।
गुरुद्वारे में टेका मत्था, की अरदास
राहुल गांधी सबसे पहले अजनाला के रामदास स्थित गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब पहुँचे, जहाँ उन्होंने मत्था टेका और बाढ़ से प्रभावित लोगों की भलाई और राहत के लिए अरदास (प्रार्थना) में हिस्सा लिया।
“समय पर कदम उठाते तो टल सकती थी तबाही”
दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को बताया कि बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है, लेकिन अगर राज्य और केंद्र सरकारों ने समय पर कदम उठाए होते तो 75% तक नुकसान टाला जा सकता था। उन्होंने कहा कि सरकारी लापरवाही ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
केंद्र के राहत पैकेज पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार द्वारा घोषित 1,600 करोड़ रुपये के राहत पैकेज को “मामूली” बताया। उनका कहना था कि जब पंजाब में कुल नुकसान 20,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा का है, तब इतनी छोटी मदद से कुछ नहीं होगा। उन्होंने पंजाब सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आपदा के शुरुआती दिनों में सरकारी मशीनरी नदारद थी।
पार्टी नेताओं की तारीफ
राहुल गांधी ने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने ज़मीनी स्तर पर राहत और बचाव का बेहतरीन काम किया। उन्होंने उन सांसदों और विधायकों का आभार जताया, जिन्होंने बाढ़ राहत कोष में अपना एक महीने का वेतन या पेंशन दान करने का फैसला लिया।
“पंजाब की सेवा भावना को करता हूं सलाम”
राहुल गांधी ने कहा, “पंजाब के आम लोगों की सेवा और जज़्बा मुझे हमेशा प्रेरित करता है। इतनी मुश्किल हालात में भी उन्होंने अपना हौसला नहीं खोया। यही भावना इस बाढ़ में भी दिखी।”
ये भी पढ़ें: Tej Pratap Yadav News: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले तेज प्रताप यादव ने शुरू किया नया सियासी सफर, बनाई अपनी पार्टी
ये भी देखें: Boycott IND Vs PAK: भारत-पाक मैच को लेकर भड़के असदुद्दीन ओवैसी, जानें क्या कहा


