India Pakistan News: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच आम जनता के लिए एक राहतभरी खबर सामने आई है। सरकारी सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि देश में सब्जियों, दालों और अन्य जरूरी खाद्य वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। सभी प्रमुख शहरों में इन वस्तुओं की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और सरकार कीमतों की बारीकी से निगरानी कर रही है।
जमाखोरी और अफवाहों पर केंद्र सरकार सख्त
बिजनेस टुडे टीवी के मुताबिक, केंद्र सरकार आज से राज्यों के खाद्य सचिवों और प्रमुख थोक व्यापारियों के साथ बैठकें शुरू कर रही है। इन बैठकों का उद्देश्य है- कालाबाजारी, जमाखोरी और अफवाहों पर लगाम लगाना। विशेष रूप से शहरी इलाकों में गलत सूचनाओं के फैलाव को रोकने के लिए राज्यों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
भारत-पाक तनाव चरम पर
यह आश्वासन ऐसे समय में आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव चरम पर है। हाल ही में पाकिस्तान ने जम्मू, पठानकोट, अमृतसर और उधमपुर समेत करीब 15 शहरों में मिसाइल और ड्रोन हमलों की कोशिशें की थीं, जिन्हें भारतीय सेना ने पूरी तरह नाकाम कर दिया। इसके जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और POK में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया।
जनता में फैली थी आशंका
इन घटनाओं के बाद देशभर में सुरक्षा को लेकर चिंता तो थी ही, साथ ही आम लोगों के बीच खाद्य वस्तुओं की कमी और महंगाई को लेकर अफवाहें फैलने लगी थीं। इसी को देखते हुए सरकार ने साफ कर दिया है कि देश की आपूर्ति व्यवस्था स्थिर है और जरूरी वस्तुओं की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
सरकार की प्राथमिकताएं इस समय
- सब्जियों और दालों की कीमतों की कड़ी निगरानी
- कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के निर्देश
- राज्यों के साथ समन्वय बैठकों की शुरुआत
- शहरी इलाकों में अफवाहों पर सख्त नियंत्रण
- सप्लाई चैन को हर हाल में बनाए रखने की रणनीति


