Republic Day 2025 : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। इस खास मौके पर दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक से जुड़ी एडवाइजरी जारी की है, जिसके अनुसार गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी।
गणतंत्र दिवस की परेड सुबह 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होकर लाल किले तक जाएगी। समारोह के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और यात्रा से पहले रास्तों की जानकारी जरूर लें।
कब तक रहेगा ट्रैफिक नियंत्रण?
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) डीके गुप्ता के अनुसार, ट्रैफिक नियंत्रण उपाय 25 जनवरी की रात 9 बजे से लागू हो जाएंगे। दिल्ली की सीमाओं पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और केवल आवश्यक वाहनों को ही जाने की इजाजत होगी। यह प्रतिबंध 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड के समापन तक जारी रहेगा।
इन रास्तों पर रहेगी ट्रैफिक बंदी
- 25 जनवरी की शाम 5 बजे से परेड समाप्त होने तक: विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पर कोई यातायात की अनुमति नहीं होगी।
- 25 जनवरी को रात 10 बजे से: रफी मार्ग, जनपथ और मान सिंह रोड पर परेड समाप्त होने तक कर्तव्य पथ की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
- 26 जनवरी को सुबह 9:15 बजे से: ‘सी’-हेक्सागन-इंडिया गेट से तिलक मार्ग तक यातायात बंद रहेगा, जब तक परेड तिलक मार्ग पार नहीं कर लेती।
- 26 जनवरी को सुबह 10:30 बजे से: तिलक मार्ग, बी.एस.जेड मार्ग और सुभाष मार्ग पर दोनों दिशाओं में यातायात की अनुमति नहीं होगी। परेड की आवाजाही के आधार पर केवल क्रॉस ट्रैफिक को अनुमति दी जाएगी।
परेड का मार्ग
गणतंत्र दिवस परेड 26 जनवरी को सुबह 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होकर कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, तिलक मार्ग और बहादुर शाह जफर रोड से होते हुए लाल किले पर समाप्त होगी। इस दौरान कर्तव्य पथ पर शनिवार को शाम 5 बजे से परेड समाप्त होने तक सभी वाहनों के लिए आवाजाही बंद रहेगी।
इसलिए यदि आप 26 जनवरी (Republic Day 2025) के दिन दिल्ली में यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो कृपया ट्रैफिक एडवाइजरी को ध्यान से पढ़ें और अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाएं। गणतंत्र दिवस के समारोह में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन ट्रैफिक प्रतिबंधों का पालन करना बेहद महत्वपूर्ण है।
ये भी देखें : Akhilesh Yadav on CM Yogi: अखिलेश यादव ने साधा विपक्ष पर निशाना | Dainik Hint |


