Uttarakhand News: उत्तराखंड के केदारनाथ इलाके से एक एवलांच (हिमस्खलन) की खबर सामने आई है, लेकिन राहत की बात ये है कि इसमें कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे की है, जब चोराबाड़ी ग्लेशियर क्षेत्र में हल्का हिमस्खलन हुआ।
प्रशासन अलर्ट पर
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यह एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है, जो पहाड़ी और बर्फीले इलाकों में मौसम के हिसाब से होती रहती है। हालांकि प्रशासन ने कोई जोखिम न लेते हुए तुरंत रेस्क्यू टीमों को अलर्ट कर दिया है।
“स्थिति पूरी तरह सामान्य है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है,”
- नंदन सिंह रजवार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी
टीमें मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
पहाड़ों में मौसम का बदला मिजाज
इस साल सितंबर की शुरुआत में ही बर्फबारी शुरू हो गई है, जबकि आमतौर पर ऐसा अक्टूबर के मध्य में होता था। मौसम में आए इस बदलाव ने स्थानीय लोगों के साथ वैज्ञानिकों को भी हैरान कर दिया है।
मानसून और पश्चिमी विक्षोभ का असर
इस बदले हुए मौसम की वजह दक्षिण-पश्चिम मानसून और पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है, जिसके कारण पहाड़ों में तापमान तेजी से गिरा है। बारिश का पैटर्न भी इस बार काफी अलग देखने को मिला। कहीं बहुत ज्यादा बारिश, तो कहीं बहुत कम। नतीजा ये है कि नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) भी हो रही है।
लोगों से अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, और कोई भी गलत या भ्रामक सूचना सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से न फैलाएं। मौके की हर स्थिति पर प्रशासन की टीमों की पैनी नजर बनी हुई है।
ये भी देखें: Mayawati On Akash Anand: आकाश आनंद को नई कमान!, क्या अब बिहार चुनाव में मचेगा घमासान?