Amritsar Encounter News : अमृतसर में हाल ही में एक मंदिर पर हुए ग्रेनेड हमले के मुख्य आरोपी गुरसिदक सिंह को सोमवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। पुलिस द्वारा की गई इस मुठभेड़ में आरोपी को गोली लगी और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अमृतसर के राजासांसी इलाके में पुलिस को विशेष सूचना मिली थी कि आरोपी गुरसिदक सिंह और उसका साथी विशाल वहां छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, जिसमें दोनों आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी गुरसिदक सिंह को गोली लगी और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
आरोपियों ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार उन्हें गुरसिदक और विशाल के राजासांसी इलाके में छिपे होने की खास खुफिया जानकारी मिली थी। इस पर सीआईए और छेहरटा पुलिस के कर्मियों की एक टीम गठित की गई थी। टीम को रास्ते में बाइक पर दो संदिग्धों को आते हुए देखा। पुलिस ने बाइक को रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार आरोपियों ने बाइक छोड़कर पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक एक गोली कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह के सिर पर, एक गोली इंस्पेक्टर अमोलक सिंह की पगड़ी पर और एक गोली पुलिस वाहन पर लगी। इस पर इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने आत्मरक्षा में अपनी पिस्तौल से गोली चलाई, जिससे आरोपी गुरसिदक घायल हो गया। हालांकि, उसका साथी विशाल मौके से भागने में सफल रहा।
मामले की जांच जारी
घायल गुरसिदक को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वह इलाज के दौरान मौत के मुंह में चला गया। पुलिस ने थाना में FIR दर्ज की है और मामले की जांच जारी है।
इससे पहले शुक्रवार रात करीब एक बजे अमृतसर के शेरशाह सूरी रोड पर स्थित सर्व धर्म प्रार्थना सभा ठाकुरद्वारा मंदिर के बाहर एक बम धमाका हुआ था। इस हमले में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया था।
पुलिस की यह कार्रवाई और मुठभेड़ अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का एक उदाहरण है, जो क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर काम कर रही है।