Bulandshahr News: बुलंदशहर के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आवास विकास चौकी के पास शनिवार देर शाम एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया, जब कार साइड लगाने को लेकर महिला थाना प्रभारी और दो अन्य पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। मामला उस वक्त सुर्खियों में आया जब इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सादा वर्दी में थीं महिला थाना प्रभारी
जानकारी के अनुसार, महिला थाना प्रभारी रजनी वर्मा शनिवार शाम को सादा वर्दी में महिला थाने की ओर जा रही थीं। रास्ते में उन्हें एक कार खड़ी मिली, जिसमें दो पुलिसकर्मी सवार थे। रजनी वर्मा ने उनसे गाड़ी हटाने को कहा, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई।
अभद्रता और धमकी का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सवार दोनों पुलिसकर्मियों ने महिला थाना प्रभारी से अभद्रता की और उन्हें धमकाने की कोशिश भी की। जब महिला अधिकारी ने नगर पुलिस को सूचना देकर आरोपियों की गाड़ी रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने जबरन गाड़ी भगाने की कोशिश की।
शराब के नशे में होने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे। सूचना मिलते ही नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को वाहन समेत आवास विकास चौकी ले जाया गया। पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें अल्कोहल की पुष्टि नहीं हुई।
एसएसपी ने किया लाइन हाजिर
रविवार दोपहर को एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी ने किया खुलासा
एएसपी ऋजुल ने बताया कि कार हटाने को लेकर महिला थाना प्रभारी और कोतवाली देहात में तैनात दो पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हुआ था। नगर पुलिस द्वारा दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब की पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: Moradabad News: स्कूल बस को आरटीओ ने किया जब्त, 30 बच्चों की परीक्षा छूटी, अभिभावकों में रोष
ये भी देखें: दिल्ली में पुराने वाहनों को फ्यूल न देने वाला फैसला हुआ वापस, सरकार से खुश हुए दिल्लीवाले


