Kolkata Rape Case: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक जूनियर डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस वीभत्स घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए इस घटना की निंदा की और इसे न केवल डॉक्टर्स बल्कि पूरे समाज के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बताया।
राहुल गांधी ने जताई गहरी चिंता
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “कोलकाता में एक जूनियर डॉक्टर के साथ हुए रेप और मर्डर की हृदयविदारक घटना से पूरा देश स्तब्ध है। इस क्रूर और अमानवीय कृत्य ने न केवल डॉक्टर्स समुदाय बल्कि पूरे समाज में असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। इस घटना के बाद जिस तरह से अस्पताल और स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं, वह और भी चिंताजनक है।”
परिजनों के समर्थन में राहुल गांधी
राहुल गांधी ने इस मुश्किल घड़ी में पीड़िता के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, “इस घटना ने हमें सोचने पर मजबूर कर दिया है कि जब मेडिकल कॉलेज जैसी जगह पर डॉक्टर सुरक्षित नहीं हैं, तो देश के बाकी हिस्सों में क्या हालात होंगे? निर्भया केस के बाद बने कड़े कानून भी ऐसे जघन्य अपराधों को रोक पाने में नाकाम क्यों हो रहे हैं? हाथरस, उन्नाव, कठुआ और अब कोलकाता – महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं पर समाज को गंभीरता से विचार करना होगा। मैं इस कठिन समय में पीड़िता के परिवार के साथ खड़ा हूं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा। दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो समाज के लिए एक मिसाल बने।”
ये भी पढ़ें..
यूपी सरकार की नई पहल, रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा
परिजनों के बयान ने बढ़ाई सनसनी
इस घटना के बाद पीड़िता के परिवार ने लल्लनटॉप को दिए गए एक इंटरव्यू में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने उन्हें सूचित किया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या की है, लेकिन जब वे अस्पताल पहुंचे तो उन्हें तीन घंटे तक इंतजार कराया गया। पीड़िता के पिता ने बताया कि अस्पताल से फोन पर उन्हें तुरंत बुलाया गया था, लेकिन जब उन्होंने अपनी बेटी का शव देखा, तो सच्चाई कुछ और ही बयां कर रही थी।
देशभर में विरोध प्रदर्शन
इस घटना के खिलाफ देशभर के डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है, जिससे अस्पतालों में मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह मामला न केवल पश्चिम बंगाल बल्कि पूरे देश के लिए एक गंभीर चेतावनी के रूप में सामने आया है।


