Amul Milk Price Hike : आम उपभोक्ताओं की जेब पर एक और बोझ पड़ने वाला है। मदर डेयरी के बाद अब अमूल डेयरी ने भी दूध की कीमतों में इजाफा करने की घोषणा कर दी है। नई कीमतें गुरुवार, 1 मई 2025 से प्रभावी होंगी। कंपनी ने अपने विभिन्न दूध उत्पादों की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।
किन उत्पादों पर पड़ेगा असर?
अमूल की ओर से जारी बयान के अनुसार, मूल्यवृद्धि कंपनी के प्रमुख दूध वैरिएंट्स पर लागू होगी, जिनमें शामिल हैं।
- अमूल स्टैंडर्ड मिल्क
- भैंस का दूध
- अमूल गोल्ड
- स्लिम एंड ट्रिम
- टी-स्पेशल
- अमूल ताजा
- गाय का दूध
उदाहरण के लिए, भैंस का फुल क्रीम दूध, जो पहले 500 मिलीलीटर के लिए 36 रुपये में मिलता था, अब 37 रुपये में मिलेगा। इसी तरह, 1 लीटर दूध, जो पहले 71 रुपये का था, अब 73 रुपये का हो जाएगा।
कीमत बढ़ाने का कारण
अमूल ने इस बढ़ोतरी के पीछे दूध उत्पादन की लागत में वृद्धि और कृषि लागतों के बढ़ने को वजह बताया है। कंपनी के अनुसार, यह बढ़ोतरी अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) में 3-4 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है, जो कि वर्तमान में चल रही औसत खाद्य मुद्रास्फीति से कम है।
मदर डेयरी ने पहले ही बढ़ाए थे दाम
गौरतलब है कि अमूल से पहले मदर डेयरी ने भी 30 अप्रैल 2025 से दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी।
- टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई।
- फुल क्रीम दूध (पाउच) अब 69 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा।
- डबल टोंड दूध की कीमत 49 से बढ़कर 51 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
- गाय का दूध अब 59 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जो पहले 57 रुपये में उपलब्ध था।
उपभोक्ताओं पर असर
लगातार बढ़ती महंगाई के बीच दूध की कीमतों में यह इजाफा आम जनता की परेशानी और बढ़ा सकता है। खासकर मध्यम और निम्न वर्ग के परिवारों के लिए यह वृद्धि घरेलू बजट पर सीधा असर डाल सकती है।
ये भी देखें : Akhilesh Yadav On Pahalgam: पहलगाम आतंकी हमले पर सपा सांसद अखिलेश यादव ने दिया समर्थन!


