Arvind Kejriwal Daughter Wedding : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता केजरीवाल ने शुक्रवार को अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करते हुए संभव जैन के साथ शादी के बंधन में बंध गईं। शादी समारोह दिल्ली के ऐतिहासिक कपूरथला हाउस में संपन्न हुआ, जहां दोनों ने सात फेरे लिए।
शंगरीला होटल में हुईं शादी की रस्में
इससे पहले 17 अप्रैल को शादी की पूर्व रस्में दिल्ली के शंगरीला होटल में संपन्न हुई थीं। इस कार्यक्रम में केवल करीबी रिश्तेदार और कुछ विशेष मेहमान ही शामिल हुए थे। मेहंदी और संगीत की रस्मों के दौरान माहौल बेहद उत्साही और पारिवारिक रहा।
केजरीवाल और भगवंत मान ने किया डांस
शादी से पहले के कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने डांस कर महफिल में चार चांद लगा दिए। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी अपनी पत्नी के साथ थिरकते नजर आए। इन लम्हों के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन पलों ने इस निजी समारोह को एक यादगार अवसर बना दिया।
आईआईटी दिल्ली में पढ़ाई के दौरान हुई थी मुलाकात
हर्षिता केजरीवाल और संभव जैन की मुलाकात आईआईटी दिल्ली में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों ने साथ में केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और हाल ही में मिलकर एक स्टार्टअप भी शुरू किया था। पढ़ाई के समय से ही दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी, जो अब शादी में बदल गई।
कौन हैं उनका जीवन साथी?
संभव जैन एक जानी-मानी कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हर्षिता और संभव ने कुछ महीने पहले मिलकर एक स्टार्टअप भी शुरू किया था। दोनों आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र हैं और एक-दूसरे को पहले से जानते थे। अब उन्होंने अपने रिश्ते को विवाह के पवित्र बंधन में बदल दिया है।
20 अप्रैल को होगा रिसेप्शन
शादी के बाद अब सभी की निगाहें 20 अप्रैल को होने वाले रिसेप्शन कार्यक्रम पर टिकी हैं। हालांकि, रिसेप्शन कहां आयोजित होगा, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
हर्षिता केजरीवाल ने नोएडा के दिल्ली पब्लिक स्कूल से की थी पढ़ाई
हर्षिता केजरीवाल ने अपनी स्कूली पढ़ाई नोएडा के दिल्ली पब्लिक स्कूल से की थी। साल 2014 में उन्होंने IIT-JEE Advanced परीक्षा में 3322वीं रैंक प्राप्त की थी। इसके बाद उन्होंने आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की। हर्षिता अपनी बैच में विभाग की टॉप 3 में रही थीं। पढ़ाई के दौरान ही उन्हें कई नामी कंपनियों से जॉब ऑफर्स मिले थे।


