Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में तैनात बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता महावीर सिंह एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गए हैं। पहले रिश्वत लेने का आरोप और अब महिला कर्मचारियों से अशोभनीय और आपत्तिजनक व्हाट्सएप चैट लगातार सामने आ रहे मामलों ने न सिर्फ विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि शासन स्तर तक चिंता का विषय बना दिया है।
रिश्वतखोरी मामले पर कार्रवाई अब तक नहीं
कुछ दिन पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें महावीर सिंह को कथित रूप से 500-500 रुपये की दो गड्डियां लेते हुए साफ देखा गया। यह वीडियो नगरीय क्षेत्र स्थित 33 केवीए वर्टिकल ऑफिस का बताया गया था। जब इस पर सवाल उठे तो महावीर सिंह ने सफाई दी कि यह पैसे “गुरुजी के अनुष्ठान” के चढ़ावे के लिए लिए जा रहे थे। लेकिन न जनता ने यह तर्क स्वीकारा, न विभाग ने कोई सख्त कदम उठाया। मामला जांच में गया जरूर, लेकिन कार्रवाई अब तक नहीं हो पाई है।
महिला कर्मचारियों को भेजे ‘आई लव यू’ और ‘मिस यू’ के मैसेज
अब महावीर सिंह पर महिला कर्मचारियों के साथ आपत्तिजनक व्यवहार का आरोप लगा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, वह महिला कंप्यूटर ऑपरेटरों को रोजाना “गुड मॉर्निंग” और “गुड इवनिंग” के मैसेज भेजने का दबाव बनाते थे। कुछ समय बाद उन्होंने स्वयं ‘आई लव यू’, ‘मिस यू’, और दिल वाली इमोजी वाले मैसेज भेजना शुरू कर दिया।
यह व्यवहार महिला कर्मचारियों को बेहद असहज लगा, जिसके चलते उन्होंने इसकी शिकायत अधीक्षण अभियंता ब्रह्मपाल के कार्यालय में दर्ज कराई। हालांकि शिकायत के बाद जांच के आदेश तो दिए गए, लेकिन मामला कागज़ों तक ही सीमित रह गया। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं, क्या महावीर सिंह को विभाग बचा रहा है?
वायरल चैट ने खोली पोल
पूरा मामला (Bareilly) तब उजागर हुआ जब महावीर सिंह एक दिन ऑफिस में अपना व्हाट्सएप खुला छोड़कर बाहर चले गए। उसी समय किसी ने उनके मोबाइल की अश्लील चैट का स्क्रीनशॉट लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इन चैट्स में ‘आई लव यू’, ‘इलू-इलू’, और अन्य आपत्तिजनक संदेश साफ तौर पर देखे गए। जैसे ही यह स्क्रीनशॉट वायरल हुआ, विभाग में हड़कंप मच गया।
सीनियर अधिकारियों ने तुरंत स्पष्टीकरण मांगा और आंतरिक जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि मामला अब लखनऊ तक पहुंच चुका है और शासन ने भी इस पर रिपोर्ट तलब कर ली है।
Bareilly में विभागीय कर्मचारियों में रोष
महावीर सिंह के खिलाफ लगातार सामने आ रहे मामलों से विभाग के ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि कुछ अधिकारियों की गैर जिम्मेदाराना और शर्मनाक हरकतों की वजह से पूरे विभाग की साख पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


