Delhi Assembly Session : दिल्ली विधानसभा का सत्र आज (गुरुवार, 27 फरवरी) अपने तीसरे दिन में प्रवेश कर चुका है और इस दौरान एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों को विधानसभा परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया गया है। दरअसल सत्र के दूसरे दिन ही 21 आप विधायकों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया था और अब इन विधायकों को विधानसभा परिसर में भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। इस कदम को लेकर नेता प्रतिपक्ष आतिशी बीजेपी की रेखा गुप्ता सरकार पर कड़ी आलोचना कर रही हैं।
आतिशी ने आरोप लगाया है कि आप विधायकों को “जय भीम” के नारे लगाने के कारण सत्र से निलंबित किया गया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भाजपा वालों ने सरकार में आते ही तानाशाही की हदें पार कर दी हैं। ‘जय भीम’ के नारे लगाने के लिए तीन दिन के लिए आम आदमी पार्टी के विधायकों को सदन से निलंबित किया और आज उन्हें विधानसभा परिसर में घुसने भी नहीं दिया जा रहा। ऐसा दिल्ली विधानसभा के इतिहास में कभी नहीं हुआ कि चुने हुए विधायकों को विधानसभा परिसर के अंदर नहीं घुसने दिया गया।”
विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे निलंबित विधायक
विधानसभा परिसर में जाने की अनुमति न मिलने पर आम आदमी पार्टी के निलंबित विधायक अब विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता से मुलाकात करने का विचार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार सत्र के दूसरे दिन जब उपराज्यपाल वीके सक्सेना का अभिभाषण चल रहा था, तब आप विधायक सदन में हंगामा कर रहे थे, जिसके परिणामस्वरूप स्पीकर ने इन 21 विधायकों को तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया था। इस निलंबन की मियाद शुक्रवार (28 फरवरी) तक रहेगी। हालांकि अमानतुल्लाह खान उस दौरान सदन में उपस्थित नहीं थे, इसलिए उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई नहीं की गई।
आज के सत्र में चर्चा के मुद्दे
दिल्ली विधानसभा (Delhi Assembly Session) में आज (27 फरवरी) डिप्टी स्पीकर के चुनाव और शराब नीति पर बहस जारी रहेगी। आज का सत्र सुबह 11 बजे से शुरू होगा। सदन में विशेष उल्लेख (नियम-280) के तहत सदस्य कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाने का अवसर पा सकते हैं। इसके बाद, डिप्टी स्पीकर का चुनाव होगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डिप्टी स्पीकर के लिए मोहन सिंह बिष्ट के नाम का प्रस्ताव रखा है, जिसका समर्थन मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा करेंगे। वहीं, अनिल कुमार शर्मा भी इसी प्रस्ताव को रखेंगे, जिसका समर्थन गजेंद्र सिंह यादव करेंगे। इसके अलावा, दिल्ली में शराब नीति पर बनी CAG (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) की रिपोर्ट पर भी चर्चा जारी रहेगी, जिसे 25 फरवरी को सदन में रखा गया था।
सदन में हंगामे के कम आसार
चूंकि आम आदमी पार्टी के 22 में से 21 विधायकों को सस्पेंड किया जा चुका है, इसलिए सदन में हंगामे के आसार कम हैं। हालांकि, बाहर आम आदमी पार्टी के विधायकों का प्रदर्शन जारी रह सकता है, जो इस मुद्दे पर अपनी विरोध की आवाज उठाते रहेंगे।


