Kalka Mandir News: दिल्ली के प्रसिद्ध कालकाजी मंदिर से एक दर्दनाक घटना की खबर सामने आई है। आपको बता दें कि दर्शन के लिए आए कुछ लोगों ने मंदिर में सेवा कर रहे एक सेवादार की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि यह झगड़ा चुनरी प्रसाद को लेकर शुरू हुआ था, जो बाद में हिंसक हो गया।
क्या हुआ था?
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला कल रात लगभग 11:30 बजे का है। जब पुलिस को सूचना मिली कि कालकाजी मंदिर में झगड़ा हो गया है, सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान पता चला कि कुछ लोग मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद उन्होंने वहां मौजूद सेवादार से चुनरी प्रसाद मांगा। जिसके बाद उनके बीच बहस हो गई और गुस्से में आकर श्रद्धालुओं ने सेवादार को लाठियों और घूंसों से जमकर पीट दिया।
इलाज के दौरान मौत
हमले में बुरी तरह घायल हुए सेवादार को तुरंत इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय योगेन्द्र सिंह के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के निवासी थे। वह पिछले 14-15 वर्षों से कालकाजी मंदिर में सेवादार की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
एक आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जिसका नाम अतुल पांडे (30 वर्ष) है और वह दक्षिणपुरी का रहने वाला है। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है, और उन्हें पकड़ने के लिए जांच जारी है।
अरविंद केजरीवाल ने जताई नाराजगी
इस घटना पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “कालकाजी मंदिर में जिस तरह से सेवादार की बेरहमी से हत्या की गई, क्या उन लोगों को जरा भी डर या शर्म नहीं आई? क्या इसे कानून व्यवस्था की नाकामी नहीं कहा जाएगा? भाजपा की चारों तरफ से चल रही सरकारों ने दिल्ली की हालत इतनी खराब कर दी है कि अब मंदिरों में भी अपराध होने लगे हैं। क्या अब दिल्ली में कोई भी सुरक्षित नहीं बचा है?”
क्या है आगे की कार्रवाई?
पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही, मंदिर प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Youth Lead Dialogue 2025: भारत मंडपम में ’यूथलीड डायलॉग’ पर डॉ. अभिषेक वर्मा ने दी पीढ़ियों के बीच सामंजस्य की अपील
ये भी देखें: Indian Economy Growth: ट्रंप का वार या भारत की जीत?, No.2 Economy बनने जा रहा है इंडिया!