New Delhi Raiway Station Stampede : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ में 18 लोगों की मौत और कई अन्य के घायल होने की घटना पर कांग्रेस नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी ने इस घटना पर दुख जताते हुए सरकार और रेलवे प्रशासन की नाकामी पर सवाल उठाए हैं।
राहुल गांधी ने जताया दुख
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भगदड़ में कई लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए, यह खबर अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाली है। उन्होंने इस घटना को रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करने वाला बताया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। यह घटना एक बार फिर रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है। प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए थे। सरकार और प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि बदइंतजामी और लापरवाही के कारण किसी को अपनी जान न गंवानी पड़े।”
मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस हादसे पर गहरा शोक जताया और मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई मौतों के मामले में सरकार द्वारा सच्चाई छिपाने की कोशिश शर्मनाक और निंदनीय है। खड़गे ने लिखा, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से कई लोगों की मृत्यु हो जाने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। स्टेशन से आ रहे वीडियो बेहद हृदयविदारक हैं। हमारी मांग है कि मृतकों और घायलों की संख्या जल्द से जल्द घोषित की जाए और गुमशुदा लोगों की पहचान भी सुनिश्चित की जाए। पीड़ितों के परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। घायलों को तत्काल इलाज हेतु स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए।”
प्रियंका गांधी का शोक
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ की वजह से मची भगदड़ में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”
ये है पूरा मामला
बता दें कि शनिवार रात को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 18 लोगों की जान चली गई और कई अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी समेत कई नेता अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को लेकर सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है, साथ ही मृतकों और घायलों के परिवारों को तत्काल सहायता और मुआवजा देने की भी बात कही है।