Parliament Budget Session : संसद के बजट सत्र के दौरान सोमवार को लोकसभा में भारी हंगामा देखने को मिला। प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी नेताओं ने प्रयागराज महाकुंभ में अमृत स्नान के दौरान हुई भगदड़ की घटना का मुद्दा उठाया। विपक्ष का आरोप था कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मृतकों का सही आंकड़ा छिपा रही है और सरकार को मृतकों की पूरी लिस्ट जारी करनी चाहिए। इस मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार से जवाब मांगते हुए सदन में नारेबाजी की।
इससे पहले, राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ बजट सत्र की शुरुआत हुई थी। शनिवार को आम बजट पेश किए जाने के बाद, सोमवार को प्रश्नकाल के बाद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा हो रही थी। विपक्ष के हंगामे के बीच चर्चा शुरू हुई, जिसका अंत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब से होने की संभावना थी।
सदन में हंगामा, स्पीकर की अपील
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद हंगामा करने लगे। कई सदस्य नारेबाजी करते हुए सदन की आसंदी के पास पहुंच गए और “मृतकों की लिस्ट जारी करो” जैसे नारे लगाए। इस पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों से शांत रहने की अपील की। उन्होंने कहा, “देश की जनता ने आपको इसी काम के लिए चुना है,” और सदन की कार्यवाही में व्यवधान डालने से बचने की सलाह दी।
स्पीकर की इस अपील के बावजूद विपक्षी सदस्य अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद, संसद कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि इस तरह सदन को बाधित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा, लेकिन कार्यवाही में बाधा डालना गलत है।
निशिकांत दुबे का आरोप
विपक्ष के हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित होने पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाए। उन्होंने कहा “मैं 10 सवाल उठाना चाहता हूं, लेकिन विपक्ष मुझे ऐसा करने नहीं दे रहा है।” (Parliament Budget Session ) निशिकांत दुबे ने गांधी परिवार और अमेरिकी निवेशक जॉर्ज सोरोस के बीच संबंधों को उजागर करने की धमकी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि जॉर्ज सोरोस के बेटे की बांग्लादेश के राष्ट्रपति मुहम्मद यूनुस के साथ तस्वीरें प्रकाशित हुई हैं और वह चार दिनों तक बांग्लादेश में रहे।


