राजनीति

अपना यूपी

क्राइम

बड़ी खबर

स्पोर्ट्स

वेब स्टोरीज

खबर

Tej Pratap Yadav: लालू यादव का बड़ा फैसला, तेजप्रताप यादव को आरजेडी और परिवार से बाहर का रास्ता, जानिए पूरा मामला

by | May 25, 2025 | ट्रेंडिंग, बड़ी खबर, मुख्य खबरें, राजनीति

Tej Pratap Yadav: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया है। लालू यादव ने तेजप्रताप को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है और इसके साथ ही उन्हें परिवार से भी बेदखल कर दिया है। यह घोषणा लालू यादव ने स्वयं सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए की, जिसमें उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि अब तेजप्रताप की पार्टी और परिवार में कोई भूमिका नहीं होगी।

लालू यादव ने अपने बयान में कहा, “निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।”

उन्होंने आगे लिखा, “अपने निजी जीवन का भला-बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूं। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सार्वजनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है।”

तेजप्रताप यादव ने 25 मई (शनिवार) को सोशल मीडिया पर अपने एक पोस्ट के माध्यम से यह खुलासा किया था कि वह पिछले 12 वर्षों से एक लड़की के साथ रिलेशनशिप में हैं। उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड की तस्वीर भी साझा की और लिखा, “मैं बहुत दिनों से आप लोगों से यह बात कहना चाहता था पर समझ नहीं आ रहा था कैसे कहूं। इसलिए आज इस पोस्ट के माध्यम से अपने दिल की बात आप सब के बीच रख रहा हूं! आशा करता हूं आप लोग मेरी बातों को समझेंगे।”

इस पोस्ट के बाद मीडिया में मामला तूल पकड़ने लगा तो तेजप्रताप ने अपनी सफाई में कहा कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया है। उन्होंने लिखा, “मेरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को हैक एवं मेरे तस्वीरों को गलत तरीके से एडिट कर मुझे और मेरे परिवार वालों को परेशान और बदनाम किया जा रहा है। मैं अपने शुभचिंतकों और फॉलोवर्स से अपील करता हूं कि वे सतर्क रहें और किसी भी अफ़वाह पर ध्यान न दें।”

तेजप्रताप यादव का नाम पहले भी कई बार विवादों में आ चुका है। वर्ष 2018 में उनकी शादी आरजेडी के वरिष्ठ नेता और तत्कालीन विधायक चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय से हुई थी। हालांकि, शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के बीच मतभेद हो गए और मामला तलाक तक पहुंच गया। फिलहाल यह मामला अदालत में लंबित है।

लालू यादव के इस फैसले से न केवल राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है, बल्कि यादव परिवार में भी यह एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है। आने वाले दिनों में तेजप्रताप की प्रतिक्रिया और राजनीतिक रणनीति पर सभी की निगाहें रहेंगी।

ये भी पढ़ें : Rohit Sharma: क्या टी20-टेस्ट के बाद अब वनडे भी? रोहित शर्मा की कप्तानी को लेकर गंभीर का बड़ा बयान

ये भी देखें : UP News: सिरफिरा तांत्रिक या शातिर कातिल?,लोगों को डराने वाला कैसे पहुंचा सलाखों के पीछे!

अपना यूपी

क्राइम

आपका जिला

वीडियो

ट्रेंडिंग

बड़ी खबर