Agra News : उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें रील(Reel) बनाते समय एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में युवक का सिर उसके धड़ से अलग हो गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस भयावह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक स्लो मोशन में एक गाने पर डांस कर रहा है और उसी दौरान गैलरी में लगे आयरन के जाल को ऊपर उठाने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह चौथी मंजिल से नीचे गिर पड़ा। गिरते समय उसका सिर तीसरी मंजिल पर आकर धड़ से अलग हो गया। युवक की तुरंत मौत हो गई। यह घटना बेहद दर्दनाक थी, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को स्तब्ध कर दिया।
दोस्त बचाने में नाकाम
घटना के समय 35 सेकंड के वीडियो में 5 युवक देखे जा सकते हैं। दो युवक जमीन पर बैठे हैं, एक दुकान का शटर उठाने की तैयारी कर रहा है और एक डांस कर रहा है। जैसे ही हादसा हुआ, वहां चीख-पुकार मच गई। नीचे खून ही खून फैल गया और मृतक के दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। नीचे का सीन देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया।
पुलिस का बयान
घटना पर एसीपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि मृतक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना पर अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन (Agra) पुलिस जांच कर रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है, जिससे लोग बेहद विचलित हैं।


