Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया मोड़ उस वक्त देखने को मिला जब भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की खुलकर सराहना की।
संत कबीर नगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अखिलेश यादव को धार्मिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताया और कहा कि उन्हें धर्मविरोधी कहना गलत धारणा है।
“अखिलेश धार्मिक हैं, श्रीकृष्ण के वंशज हैं”
बृजभूषण सिंह ने कहा कि “अखिलेश यादव धर्म में आस्था रखने वाले हैं। उनके पिता मुलायम सिंह यादव भी हनुमान जी की प्रशंसा करते थे। अखिलेश यादव श्रीकृष्ण के वंशज हैं और उन्होंने एक सुंदर मंदिर का निर्माण भी करवाया है।”
यह बयान बीजेपी और सपा के नेताओं के बीच आमतौर पर चलने वाली तीखी बयानबाज़ी से बिल्कुल अलग था।
“राजनीतिक मजबूरी में लेते हैं धर्म विरोधी रुख”
उन्होंने आगे कहा,“अखिलेश यादव स्वभाव से धर्म के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन राजनीतिक परिस्थितियां उन्हें ऐसा दिखने पर मजबूर करती हैं।”
बृजभूषण सिंह ने ज़ोर देकर कहा कि अखिलेश की धर्मविरोधी छवि वास्तविकता से परे है।
कथा वाचक पर हमले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
अपने भाषण के दौरान बृजभूषण सिंह ने हाल ही में इटावा में कथा वाचक के साथ हुई मारपीट की घटना पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे पूरी तरह से गलत और निंदनीय बताया।
“हर किसी को कथा कहने का अधिकार है। किसी की जाति के आधार पर उसे अपमानित करना अनुचित है।” उन्होंने कहा कि जो लोग शूद्र समुदाय से आए कथा वाचकों की आलोचना करते हैं, उन्हें महर्षि वेदव्यास और विदुर की जीवनी अवश्य पढ़नी चाहिए। “धर्म और आध्यात्म किसी जाति विशेष की बपौती नहीं है। जातिगत आधार पर किसी समुदाय को नीचा दिखाना स्वीकार्य नहीं है।”
ये भी देखें: Prayagraj में पुलिस ने चन्द्रशेखर को कौशांबी जाने से रोका, तो क्या कह गए सांसद!


