Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अंबेडकर नगर की बहादुर बच्ची अनन्या यादव को सम्मानित किया, जो बुलडोजर एक्शन के दौरान अपनी किताबें लेकर भाग रही थी। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद अखिलेश यादव ने इस बच्ची को सम्मान देने का निर्णय लिया। अखिलेश यादव ने अनन्या यादव को स्कूल बैग देकर उसे सम्मानित किया।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर राज्य में महिला अपराध और कानून व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने प्रेमलता और सुनीता शुक्ला की बेटी का वीडियो दिखाते हुए बिछिया देवी का भी वीडियो प्रस्तुत किया, जिसमें उनकी खड़ी फसल को जबरन जुतवा दिया गया था। इन घटनाओं के बीच अखिलेश यादव ने योगी सरकार को आड़े हाथों लिया और महिला अपराधों को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “मैं कहूंगा सरकार से कि अनन्या बेटी को और उसके परिवार को जीरो पावर्टी योजना से जोड़ दें। उस बेटी और उसके गांव में जितने गरीब लोग हैं उन्हें प्रधानमंत्री आवास देना चाहिए।”
Akhilesh ने भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार को घेरा
Akhilesh Yadav ने भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी योगी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग अब न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। एक आईएएस अफसर के पकड़े जाने को लेकर उन्होंने कहा, “यह भ्रष्टाचार का मामला नहीं है, बल्कि यह बंटवारे का मामला है। यह अस्सी बीस का नहीं, बल्कि नब्बे दस का मामला है।”
इसके साथ ही अखिलेश यादव ने बीजेपी के 80-20 नारे को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी खुद मान रही है कि उनका 80-20 का नारा अब नहीं चलेगा। 46 में 56 बोलने वाले से मैं यह सवाल करना चाहता हूं कि हम लोग 80 में आते हैं या 20 में?” उन्होंने भाजपा की नीतियों को आलोचनात्मक तरीके से पेश किया और कहा कि इस सरकार ने न तो निवेश लाया, न रोजगार पैदा किया और न ही किसी तरह की सकारात्मक पहल की।


