Amethi News : उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में समाजवादी पार्टी के एक नेता के बेटे की गुंडई का मामला सामने आया है। सपा नेता के बेटे पर इस कदर दबंगई का खुमार चढ़ा कि उसने कानून और पुलिस की कोई परवाह नहीं की। मामला तब गंभीर हो गया जब सीओ ऑफिस के सामने, पुलिस की मौजूदगी में ही सपा नेता के बेटे ने एक बुजुर्ग और उसके बेटे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
जमीन विवाद बना वजह
घटना अमेठी तहसील की है, जहां सपा नेता शिव प्रताप यादव के बेटे प्रदीप यादव ने सरेआम यह गुंडई की। बुजुर्ग और उसके बेटे का आरोप है कि सपा नेता जबरदस्ती गांव की आरक्षित जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इसको लेकर बुजुर्ग रामयस यादव और उनके बेटे ने तहसील में शिकायत दर्ज कराई थी, जिससे सपा नेता और उनके बेटे ने नाराज होकर उन पर हमला कर दिया।
तहसील में हमला
रामयस यादव के मुताबिक, वे अपने काम से तहसील आए थे और नायब तहसीलदार के सामने बातचीत चल रही थी। उसी दौरान सपा नेता के बेटे ने उनके बेटे पर हमला कर दिया और पिटाई कर दी। नायब तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद प्रदीप यादव ने बुजुर्ग और उनके बेटे को तहसील के बाहर भी लात-घूंसे मारकर पीटा। इस घटना में बुजुर्ग को अंदरूनी चोटें आई हैं।
सीओ ऑफिस के सामने घटना
यह पूरी घटना अमेठी (Amethi) सर्किल के सीओ ऑफिस के सामने घटी, जहां पुलिस मौजूद थी, लेकिन कोई रोकथाम नहीं की गई। बुजुर्ग और उनके बेटे ने घटना की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
जब इस मामले पर अमेठी सर्किल के सीओ से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह मामला अभी तक उनके संज्ञान में नहीं आया है। ऐसे में पीड़ित परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है और गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
न्याय की गुहार
बुजुर्ग रामयस यादव और उनके बेटे ने इस गुंडई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। (Amethi) घटना ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है और स्थानीय लोग भी सपा नेता के बेटे की दबंगई से नाखुश हैं। अब यह देखना बाकी है कि पुलिस कब इस मामले में उचित कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को न्याय मिलता है।
ये भी पढ़ें : PM Modi Russia Visit : पीएम मोदी का रूस दौरा, 16वें BRICS सम्मेलन में लेंगे भागीदारी


