Ayodhya Ram Mandir : अयोध्या में भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ धूमधाम से मनाई जाएगी। इस खास मौके पर 11, 12 और 13 जनवरी को तीन दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं राम मंदिर पहुंचकर इस महा उत्सव में शामिल होंगे और महाआरती का हिस्सा बनेंगे। इस आयोजन के तहत राम जन्मभूमि परिसर में विभिन्न धार्मिक क्रियाएं और अनुष्ठान किए जाएंगे।
11 जनवरी 2025 को पौष शुक्ल द्वादशी के दिन भगवान रामलला के भव्य मंदिर में उनका अभिषेक और प्राण प्रतिष्ठा का वार्षिक उत्सव मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके लिए तैयारियों की समीक्षा की है और उन्होंने स्वयं इस धार्मिक आयोजन में भाग लेने की योजना बनाई है।
इस तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन राम जन्मभूमि परिसर में चार प्रमुख स्थानों और परिसर से सटे अंगद टीला पर किया जाएगा। अंगद टीला पर आम जनता भी भाग ले सकती है, वहीं राम जन्मभूमि परिसर में यज्ञ हवन और मंत्रों का उच्चारण होगा। यात्री सुविधा केंद्र पर संगीतमय रामायण का आयोजन होगा, और राम जन्मभूमि परिसर में यजुर्वेद का पारायण होगा।
आज के कार्यक्रम का विस्तृत विवरण
11 जनवरी को सुबह 8:00 बजे से (Ayodhya Ram Mandir) राम जन्मभूमि परिसर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू होगा। सबसे पहले यजुर्वेद के 40 अध्याय का पारायण होगा। इसके बाद सुबह 10:00 बजे से भगवान रामलला का अभिषेक शुरू होगा, जो दोपहर 12:00 बजे तक चलेगा। यह अभिषेक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा। इस दरमियान, दोपहर 12:20 बजे, भगवान रामलला की भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। यह समय इसलिए विशेष है क्योंकि 22 जनवरी 2024 को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की थी, तब ठीक 12:20 बजे ही भगवान रामलला ने भव्य महल में विराजमान होने का आशीर्वाद दिया था।
इसके बाद भगवान को 56 प्रकार के व्यंजन का भोग अर्पित किया जाएगा। शाम 3:00 से 5:00 बजे तक राम कथा का आयोजन होगा, जिसमें देश के प्रख्यात कथाकार भगवान राम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को प्रस्तुत करेंगे। शाम 6:00 बजे से रात 9:00 बजे तक भगवान के सामने राग सेवा और भजन संकीर्तन होगा, जिसमें देश-विदेश के मशहूर संगीतज्ञ अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
इस दौरान पूरे राम जन्मभूमि परिसर और आसपास के क्षेत्रों को भव्य तरीके से सजाया जाएगा। मंदिर को फूलों से सजाया जाएगा और रंग-बिरंगी लाइटों से भगवान रामलला के मंदिर की शोभा बढ़ाई जाएगी। इस अवसर पर राम जन्मभूमि परिसर और आसपास के क्षेत्रों में राममय वातावरण होगा।
धार्मिक आयोजन में विशेष रूप से नामी कलाकार जैसे अनुराधा पौडवाल, मालनी अवस्थी, स्वाती मिश्रा और कुमार विश्वास भी अपनी राग सेवा और भक्ति संगीत से भक्तों को आनंदित करेंगे।
ये भी पढ़ें : UP Weather Update : आज से फिर बदलेगा यूपी का मौसम, IMD ने किया अर्लट जारी