Bareilly News : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के आंवला कस्बे से सटे मनौना धाम के महंत पर एक युवक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक ने महंत और उनके भाई पर उसे ढोंग करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। आरोप के मुताबिक, जब युवक ने सोशल मीडिया पर महंत और उनके भाई के ढोंग का खुलासा किया, तो उन लोगों ने उसके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया। इस विवाद में युवक ने महंत और उनके भाई से अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताया।
शुक्रवार को यह युवक महंत के विरोध में बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारा। युवक ने पुलिस से कहा कि महंत और उनके समर्थक उसे और उसके परिवार को लगातार परेशान कर रहे हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे ढोंग करने के लिए मजबूर किया जाता था और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। युवक ने यह भी बताया कि जब उसने सोशल मीडिया पर इस ढोंग का खुलासा किया, तो उसके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए।
दो घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
पुलिस के अनुसार (Bareilly) आंवला के मोहल्ला भुर्जी टोला निवासी रोहित यादव बीएसएनएल के टावर पर चढ़ा था। पुलिस ने युवक को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन युवक ने धमकी दी कि वह ऊपर से कूद जाएगा। पुलिस और परिजनों ने करीब दो घंटे तक उसे समझाया, अंत में युवक को नीचे उतारा गया। पुलिस ने उसे यह भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
युवक ने अपनी शिकायत में यह भी चौंकाने वाला खुलासा किया कि महंत और उनके लोग उसे लोहे की भारी-भरकम जंजीरें पहनाकर ताले डाल देते थे। फिर उसे दंडवत यात्रा कराई जाती थी, और यह दिखाया जाता था कि वह किसी चमत्कारी शक्ति के प्रभाव में है। बाद में इसी प्रकार का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया जाता था।
पिता ने भी महंत पर लगाए आरोप
युवक के परिजनों ने भी महंत पर इसी तरह के आरोप लगाए हैं। रोहित के पिता पप्पू यादव ने बताया कि चार साल पहले तक उनका बेटा मंदिर परिसर में दुकान चलाता था। कुछ समय पहले (Bareilly) मंदिर कमेटी ने दुकान पक्की कराने के नाम पर उनसे दो लाख रुपये लिए, लेकिन आज तक दुकान पक्की नहीं कराई। जब रोहित ने इसका विरोध किया, तो महंत के समर्थकों ने उसकी पिटाई कर दी। इस मामले में पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन पुलिस ने उल्टा रोहित पर रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कर लिया।


