Bhadohi News : भदोही जिले के औराई कोतवाली क्षेत्र के बेजवां पाही उगापुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार सुबह एक पिता ने अपनी 14 माह की जुड़वा बच्चियों को जहर देकर मार डाला और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी के भागने के बाद वह गहरे अवसाद में था।
पत्नी के भागने से सदमे में था युवक
मृतक ओमप्रकाश यादव (27) ने बीते 19 नवंबर को अपनी पत्नी के गायब होने की शिकायत औराई कोतवाली में दर्ज कराई थी। बाद में उसे पता चला कि उसकी पत्नी किसी प्रेमी के साथ भाग गई है। इस खबर ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया और वह अवसादग्रस्त हो गया।
मासूम बच्चियों को दिया जहर
रविवार देर रात ओमप्रकाश ने अपनी दोनों बच्चियों, आसी और प्रियांशी, को दूध में जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद, वह घर से करीब 500 मीटर दूर जाकर एक नीम के पेड़ पर साड़ी का फंदा बनाकर लटक गया।
गांव में मची अफरा-तफरी
सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटकता देखा, तो हड़कंप मच गया। घर के अंदर दोनों बच्चियों के शव बिस्तर पर पड़े हुए थे। घटना की सूचना पाकर सीओ अजय चौहान और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव में छाया मातम
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को शोक में डाल दिया है। हर कोई इस त्रासदी से स्तब्ध है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस घटना के पीछे के सभी पहलुओं को खंगालने का प्रयास कर रही है।
ये भी देखें : Maharashtra Assembly Elections में इन बड़े चेहरों की हार ने सभी को चौंकाया


