Bijnor News : नजीबाबाद रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं और जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। हादसा तब हुआ जब सड़क पर अचानक एक सांड आ गया, और उसे बचाने के प्रयास में गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और पलट गई।
रात के सफर ने ले ली जान
शुक्रवार रात करीब 10 बजे प्रगति विहार, आदमपुर निवासी प्रतीक्षित (24), शक्ति नगर निवासी प्रद्युम्न (24), नई बस्ती के यश राजपूत उर्फ अश्विनी (24), पंचवटी कॉलोनी के सारांश भारद्वाज (25), सिविल लाइन के अनिरुद्ध कोहली और नगीना फाटक के पास के पार्थ त्यागी अपने दोस्त के जन्मदिन पर घूमने निकले थे। जानकारी के अनुसार, सारांश और उनके एक अन्य दोस्त का जन्मदिन था, जिसे मनाने के लिए सभी दोस्त नजीबाबाद रोड की ओर जा रहे थे।
सांड को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
इंद्रलोक कॉलोनी के सामने अचानक एक सांड सड़क पर आ गया। गाड़ी में बैठे लोगों ने सांड को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पेड़ से टकराकर पलट गई। इस भयानक हादसे में यश राजपूत, सारांश भारद्वाज और अनिरुद्ध कोहली की मौके पर ही मौत हो गई।
शोक में डूबे परिवार
मृतकों के घर में मातम का माहौल है। अपने जवान बेटों की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, हादसे में घायल तीन दोस्तों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
समाज में शोक की लहर
इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। (Bijnor News ) घटना से जुड़ा हर व्यक्ति शोकाकुल है और इस त्रासदी ने लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व पर एक बार फिर सोचने पर मजबूर कर दिया है।
ये भी देखें : बांसफोड़ समाज के लोगों के साथ Ravi Kishan ने मनाई Diwali


