CM Yogi News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वाराणसी में आयोजित एक राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान कांवड़ियों को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे अभियान पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर कांवड़ यात्रियों की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। इन श्रद्धालुओं को “उपद्रवी” और “आतंकवादी” तक कहने का दुस्साहस किया जा रहा है, जो बेहद निंदनीय है।
सीएम योगी ने इन घटनाओं को “मीडिया ट्रायल” करार देते हुए कहा कि यह मानसिकता भारत की हर प्रकार की विरासत का अपमान करने वाली है। उनका इशारा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उन वीडियो की ओर था जिनमें कुछ कांवड़ियों को ढाबों, स्कूल बसों, गाड़ियों आदि में तोड़फोड़ करते हुए दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे वीडियो के जरिए एक खास वर्ग को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश रची जा रही है।
“कांवड़ यात्रा एकता और भक्ति का अद्भुत संगम है” – CM Yogi
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब हमने ऐसी व्यवस्था बना दी है जिसमें कोई भी अस्त्र-शस्त्र लेकर नहीं चलता। पहले मुहर्रम का जुलूस उपद्रव, आगजनी और दहशत का कारण बनता था। बहन-बेटियां सड़कों पर निकलने से डरती थीं। लेकिन अब कांवड़ यात्रा शांति, भक्ति और एकता का प्रतीक बन गई है।
उन्होंने कहा, “आज हर कोई इस अभियान से जुड़ा है। न जाति का भेद, न वर्ग का, न ही संप्रदाय का। हर-हर बम-बम बोलते हुए सैकड़ों किलोमीटर पैदल यात्रा कर लोग जल चढ़ाने जाते हैं। फिर भी इन श्रद्धालुओं को मीडिया ट्रायल के जरिए निशाना बनाया जा रहा है।”
“फेक अकाउंट्स के जरिए जातीय संघर्ष भड़काने की कोशिश”
सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे झूठे और भ्रामक प्रचार को लेकर चेताया कि कुछ लोग फेक अकाउंट्स बनाकर समाज में जातीय तनाव फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वही मानसिकता है जो भारत को विभाजित करने और हमारी सांस्कृतिक विरासत को मिटाने में लगी है।
“यह वही लोग हैं जो जनजातीय समुदाय को भारत से अलग करने की कोशिश करते रहे हैं। ये लोग भारत की आस्था, संस्कृति और समाज की एकता पर हमला कर रहे हैं। इनके मंसूबों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।”
“जनजातीय समाज भारत की आत्मा है”
बिरसा मुंडा पर आधारित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने जनजातीय समाज की महत्ता और देश के प्रति उसके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से बात की। उन्होंने जनजातीय समुदाय को भारत का मूल समाज बताया और कहा कि इस समाज ने हर युग में देश की रक्षा, संस्कृति और सभ्यता के संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा, “त्रेता युग में जब माता सीता का अपहरण हुआ था, तब भगवान राम के पास कोई सेना नहीं थी, लेकिन वनवासी जनजातीय समाज ने उनका साथ दिया और रावण से युद्ध लड़ा। इसी तरह महाराणा प्रताप ने भी अरावली के जंगलों में भटकते हुए जनजातीय सहयोग से अपनी सेना तैयार की और अकबर से युद्ध किया।”
“बिरसा मुंडा आज भी प्रेरणा हैं”
CM Yogi ने बिरसा मुंडा को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उन्होंने कम उम्र में ही धरती माता और गुलामी की बेड़ियों को तोड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “जनजातीय समाज ने भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को हमेशा संरक्षित किया है। बिरसा मुंडा आज भी हमारे लिए प्रेरणा हैं।”
ये भी पढ़ें : Fact Check: कहीं आपने भी तो नहीं मान ली ये झूठी खबर? फैक्ट चेक से सामने आया सच, समोसा-जलेबी-लड्डू पर कोई…!
ये भी देखें : UP News: एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज पर क्या बोले CM योगी?, सुनिए क्या कहा!


