CM Yogi News : उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार ने सोमवार को अपने कार्यकाल के आठ साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित एक बुकलेट का विमोचन किया। बुकलेट में सरकार के आठ वर्षों के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी गई है। यह विमोचन लखनऊ में हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों को साझा किया।
योगी आदित्यनाथ ने 2017 में पहली बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और उसके बाद से वह लगातार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। अब आठ साल पूरे होने के बाद उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा दिया है।
CM Yogi ने दिए निर्देश
सरकार के आठ साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार ने ‘सेवा, सुरक्षा और सुशासन’ के दिशा में अभूतपूर्व उपलब्धियां अर्जित की हैं। इन उपलब्धियों के बारे में आम जनता को जागरूक करने के लिए आगामी 25, 26 और 27 मार्च 2025 को सभी जनपदों में ‘जनपदीय विकास उत्सव’ आयोजित किया जाएगा।
सीएम ने कहा कि इस उत्सव के माध्यम से केंद्र सरकार के 10 वर्षों और उत्तर प्रदेश सरकार के आठ वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, परियोजनाओं और कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं का लोकार्पण या शिलान्यास किया गया है, उनके शिलापट्ट (रिप्लिका) की विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाए। यह प्रदर्शनी जनपदों में उन योजनाओं और परियोजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित करेगी, जिनका लाभ प्रदेशवासियों को हुआ है।